
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। देवास जिले के ग्रामीण अंचल में नगरों व छोटे-छोटे गांवों तक नशे के सौदागर अपनी पैठ जमा रहे हैंं। नशे का जाल फैलता जा रहा है और इन स्थितियों के बीच खातेगांव नगर एक बार फिर से चर्चाओं में है। यहां की कृषि उपज मंडी में स्थित एक गोदाम से पुलिस ने घेराबंदी करके चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इनके कब्जे से 24 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की गई जिसकी कीमत करीब दो लाख 40 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों को तब दबोचा जब वो ब्राउन शुगर देने के लिए किसी ग्राहक का इंतजार कर रहे थे। अनाज मंडी खातेगांव स्थित प्रिंस अग्रवाल के गोदाम में पुलिस ने दबिश दी। यहां पर प्रिंस अपने तीन साथियों अमन तिवारी, यश जगताप एवं रवि मन्सोरे के साथ मौजूद था और ब्राउन शुगर किसी को देने की तैयारी थी।
मुखबिर ने जैसे ही इसकी सूचना पुलिस को दी तो एसडीओपी आदित्य तिवारी के निर्देशन में थाना प्रभारी खातेगांव दिलीप कुमार पुरी की विशेष टीम सक्रिय हुई और अनाज मंडी खातेगांव स्थित गोदाम की घेराबंदी कर दबिश दी गई।
गोदाम के अंदर मौजूद आरोपियों को पकड़ा गया। प्रिंस, अमन व यश तीनों खातेगांव नगर के ही रहने वाले हैं जबकि रवि हरणगांव थाना क्षेत्र के ग्राम कांकरिया का निवासी है। पुलिस ने इनकी तलाशी ली तो 24 ग्राम ब्राउन शुगर मिली। गिरफ्तार करने के बाद एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
आरोपियों ने ब्राउन शुगर कहां से ली और किसको देने जा रहे थे, इसके बारे में पुलिस पता लगाने का प्रयास कर रही है। गौरतलब है कि खातेगांव नगर में पूर्व में भी ब्राउन शुगर जब्त की जा चुकी है। इसके अलावा भौंरासा क्षेत्र में भी कुछ माह पहले ब्राउन शुगर जब्त करके एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया था, हालांकि इन मामलों की जांच में किसी बड़े सप्लायर का खुलासा नहीं हो सका था।
ब्राउन शुगर सप्लाय करने व नशे का आदी बनाने में युवा पीढ़ी नशे के सौदागरों के निशाने पर है। एसडीओपी तिवारी के अनुसार जो चार आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं उनकी उम्र 20 से 28 वर्ष के बीच है। पूर्व में भी कुछ प्रकरणों में जो गिरफ्तारियां हुई थी उनमें अधिकांश युवा आरोपी थे।
यह भी पढ़ें- देवास में प्रेम प्रसंग के चलते पीट-पीट कर की थी युवक की हत्या, मास्टरमाइंड समेत 3 आरोपी गिरफ्तार, एक फरार