
नईदुनिया न्यूज, धामनोद। एआई से बनाई गई बब्बर शेर की एक तस्वीर ने शुक्रवार रात ग्राम पानवा में ऐसा खौफ पैदा कर दिया कि ग्रामीण रातभर दहशत के साए में रहे। गांव में शेर आने की खबर और तस्वीर इंटरनेट मीडिया पर फैलते ही खेतों में काम करने वाले किसान घबरा गए। किसी ने घरों के दरवाजे बंद कर लिए तो किसी ने रात में खेतों की ओर जाने से परहेज किया। देखते ही देखते पूरे क्षेत्र में बब्बर शेर की मौजूदगी को लेकर हड़कंप मच गया।
समीप ग्राम पानवा के 14 वर्षीय नाबालिग ने शुक्रवार रात एआई की मदद से बब्बर शेर की तस्वीर बनाकर गांव में पोस्ट कर दी। तस्वीर को देखकर ग्रामीणों ने उसे वास्तविक समझ लिया। रात के समय गांव और खेतों में शेर होने की आशंका से लोगों में डर फैल गया। खेतों में काम करने वाले किसानों से लेकर अन्य ग्रामीणों तक सभी इस खबर को लेकर चिंतित रहे। रातभर लोग शेर की मौजूदगी की आशंका में सतर्क रहे और कई लोगों ने खेतों की ओर जाना उचित नहीं समझा।
मामले की जानकारी सुबह प्रशासन तक पहुंचने पर कसरावद एसडीएम अनिल जैन ने तत्काल संज्ञान लिया और वन अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर जांच करने के निर्देश दिए। वन अधिकारी ने ग्राम पानवा पहुंचकर जांच शुरू की। पहली नजर में ही तस्वीर एआइ से बनाई प्रतीत हो रही थी, लेकिन नाबालिग लगातार गांव में बब्बर शेर देखने का दावा करता रहा। वह वन अधिकारियों के सामने भी अपनी बात पर अड़ा रहा।
अधिकारियों ने मोबाइल में तस्वीर की जांच की और घटनास्थल की पड़ताल की। सुबह से दोपहर तक चली जांच के दौरान आखिरकार सच्चाई सामने आ गई। नाबालिग ने स्वीकार किया कि उसने एआइ की मदद से बब्बर शेर की तस्वीर बनाई थी और मजाक-मस्ती में गांव में पोस्ट कर दी थी। उसका कोई अन्य उद्देश्य नहीं था।
वन अधिकारियों ने घटनास्थल का पंचनामा तैयार किया और नाबालिग को इस तरह की हरकत दोबारा नहीं करने की सख्त हिदायत दी। वन विभाग ने नाबालिग होने के चलते उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया। रेंजर शंकर सिंह चौहान ने बताया कि यदि यह हरकत किसी वयस्क द्वारा की गई होती तो निश्चित रूप से उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज करवाया जाता। चौहान ने ग्रामीणों और आम लोगों से अपील की है कि क्षेत्र में वन्य प्राणियों के मिलने संबंधी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं, जिनमें से कई पूरी तरह फर्जी होते हैं।
ऐसी पोस्ट की सत्यता जांचे बिना उन पर विश्वास न करें, न ही लाइक, टिप्पणी या आगे प्रसारित करें। चौहान के साथ डिप्टी रेंजर विजय तारे, बीट प्रभारी संगीता मोहरे तथा वन स्टाफ गुरुदयाल, सोहेल खान, पवन शर्मा, संजय गहलोत, आरती गंगराड़ेकर, किशोर यादव सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।