नईदुनिया प्रतिनिधि, धार। धार जिले के कानवन गांव में एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के साथ मारपीट, छेड़छाड़ और सार्वजनिक रूप से घसीटने की शर्मनाक घटना सामने आई है। इस घटना के बाद पीड़िता ने आत्महत्या कर ली। दो दिन तक यह मामला दबा रहा, लेकिन महिला की मौत के बाद मीडिया के सामने आया। घटना में शामिल पांच महिलाएं और चार पुरुषों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
धार जिले की कानवन ग्राम पंचायत में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 21 जुलाई को आंगनबाड़ी क्रमांक 5 की कार्यकर्ता के साथ गांव की पांच महिलाओं और चार पुरुषों ने मिलकर मारपीट की, उसके साथ अभद्रता की और सार्वजनिक रूप से उसे घसीटते हुए अपमानित किया। बताया गया कि उसे चोटी पकड़कर गांव में घसीटा गया। इस पूरे मामले से आहत होकर महिला ने आत्महत्या कर ली।
मामला दो दिन तक दबा रहा और 23 जुलाई को पीड़िता की मौत के बाद इसकी जानकारी सार्वजनिक हुई। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 21 जुलाई की सुबह करीब 9 बजे यह घटना हुई। आरोपियों ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की, अभद्र भाषा का प्रयोग किया और छेड़छाड़ तक की।
22 जुलाई को पीड़िता ने थाने में आवेदन दिया था। पुलिस ने जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की। इसी बीच महिला ने आत्महत्या कर ली। उसकी मौत के बाद ही मीडिया को जानकारी मिल पाई। पुलिस ने संगीताबाई, मधुबाला, शुभम सहित कुल नौ लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।