
मनवार (नईदुनिया न्यूज)। उज्जैन, इंदौर व धार में धर्म व राष्ट्र विरोधी नारेबाजी के विरोध में नगर में बुधवार को विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल ने प्रमुख मार्गों से रैली निकाली। तहसील कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम का ज्ञापन तहसीलदार सीएस धार्वे को सौंपा।
ज्ञापन में बताया कि उज्जैन में मोहर्रम के जुलूस में मुस्लिम समाज के कुछ लोगों ने सार्वजनिक रूप से पाकिस्तान के पक्ष में नारे लगाए थे। वहीं खंडवा जिले में भगवान श्रीराम के बारे में सार्वजनिक रूप से मुस्लिम लोगों द्वारा अपमानजनक अपशब्द बोले गए थे। इससे हिंदू समाज की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। धार के सेंट्रल कोतवाली क्षेत्र में मुस्लिम लोगों ने एकत्रित होकर देश विरोधी नारेबाजी की। इंदौर के तेजाजी नगर में 15 अगस्त को भारत माता की जय के नारे लगाने वाले लोगों पर मुस्लिम लोगों ने हमला किया था। ज्ञापन में विश्व हिंदू परिषद मालवा प्रांत द्वारा मांग की गई ऐसे लोगों पर अतिशीघ्र कानूनी कार्रवाई की जाए, अन्यथा हिंदू समाज को उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। बजरंग दल ने वीआइपी चौराहे से रैली की शुरुआत की। पाकिस्तान मुर्दाबाद के जमकर नारे लगाए। विभिन्ना मार्गों से एसडीएम कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। पूर्व जिला मंत्री रामेश्वर चौधरी ने देश में हो रही राष्ट्र एवं हिंदू विरोधी गतिविधियों के बारे में बताया। ज्ञापन का वाचन जिला सहसंयोजक विकास सोलंकी ने किया। एसडीओपी धीरज बब्बर, थाना प्रभारी बृजेश कुमार मालवीय, गंधवानी थाना प्रभारी नीरज बिरथरे व धरमपुरी थाना प्रभारी लोकेश भदोरिया, एसआइ जितेंद्र बघेल, नीरज कोचले, प्रकाश अलावा आदि दल-बल सहित रैली के साथ चल रहे थे। जिला मंत्री विजय वर्मा, जिला सहमंत्री लोकेश भायल, जिला संयोजक भूपेंद्र श्रीवास्तव, कुलदीप दरबार, जिला सत्संग प्रमुख संतोष डामोर, गणेश बर्फा, साहिल दरबार, संजय जौहर आदि उपस्थित थे।