
नईदुनिया प्रतिनिधि, धार। दीपावली के अवकाश के बाद 12 नवंबर को कृषि उपज मंडी में सोयाबीन की खरीदी मुहूर्त के साथ शुरू होगी। इसके लिए एक दिन पहले ही बड़ी संख्या में किसान अपने वाहनों में सोयाबीन की उपज लेकर मंडी पहुंचने लगे हैं। मंडी परिसर में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और अन्य वाहनों में उपज लेकर पहुंचे किसानों की चहल-पहल दिखाई देने लगी है।
सुबह 10 बजे मुहूर्त की पहली बोली लगने के साथ ही नीलामी का काम शुरू होगा। इस बार मुहूर्त की पहली बोली के लिए पुरानी परंपरा में बदलाव किया गया है। अब सबसे पहले मंडी पहुंचने वाले किसान की बैलगाड़ी से खरीदी शुरू नहीं होगी, बल्कि टोकन के माध्यम से लॉटरी निकाली जाएगी। जिस किसान के नाम की पर्ची निकलेगी, उसकी उपज पर पहली बोली लगेगी। इससे सभी किसानों को समान अवसर मिलेगा।
यह भी पढ़ें- एमपी में छुट्टी के दिन भी खुली रहेंगी मंडियां, मक्का-सोयाबीन की होगी निर्बाध खरीद, तुरंत मिलेगी राशि
अनाज, दलहन और तिलहन व्यापारी विकास समिति द्वारा सुबह 9 बजे पूजा-अर्चना और दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके बाद मुहूर्त की खरीदी होगी। अब नई फसल की आवक बढ़ने के साथ मंडी में कारोबार गति पकड़ेगा। किसानों को इस बार सोयाबीन के अच्छे भाव मिलने की उम्मीद है।