
डही (नईदुनिया न्यूज)। आदिवासी इलाकों में इन दिनों दिवासा पर्व की धूम है। पिछले एक हफ्ते से क्षेत्र के कई गांवों में दिवासा मनाया जा रहा है। शनिवार को क्षेत्र के ग्राम करजवानी और रणगांव में दिवासे का त्योहार मनाया गया। रविवार को डही में आदिवासियों ने हरियाली का यह पर्व मनाया। यह क्रम एक हफ्ते और अन्य गांवों में चलेगा।
हरियाली अमावस्या के आसपास के दिनों में दिवासा पर्व मनाने की परंपरा आदिवासी समाज में वर्षों से चली आ रही है। दिवासे का संबंध वर्षाकाल में खेतों, मैदान और पहाड़ियों पर छाई हरियाली से होता है। हरियाली छाने पर आदिवासी आनंद से ओत-प्रोत होकर हरियाली के प्रतीक के रूप में पहाड़ों पर जाकर देव बाबा की पूजा करते हैं। पूजा-पाठ में पूरा गांव शामिल होता है। गांव का पटेल और पुजारी घर-घर से पूजा की सामग्री जुटाते हैं। पूजा-अर्चना बाद गांव में खान-पान का दौर चलता है और उत्सवी माहौल रहता है।
खुशियां लेकर आता है हरा-भरा वातावरण
धार, झाबुआ, बड़वानी सहित अन्य जिलों के आदिवासी क्षेत्रों में इन दिनों दिवासे की धूम मची हुई है। गुड़ और महुए की बनी कच्ची शराब की खुमारी में डूबे आदिवासी गांव-गांव में इकट्ठे होकर दिवासा मनाने में लगे हुए हैं। अपने गांव में दिवासा होने के बावजूद पास के गांवों में दिवासा मनाने आदिवासी पहुंच रहे हैं। डही विकासखंड में कई जगह दिवासा मनाया जा चुका है, तो कई गांवों में इसकी धूम चल रही है। मान्यता पर आधारित यह पर्व भी आदिवासियों को अलग पहचान देता है। दिवासे से उनकी हरियाली प्रेम की कहानी जुड़ी हुई है। हरा-भरा वातावरण उनके लिए खुशियां लेकर आता है।
---------------------