
नईदुनिया प्रतिनिधि, धार । भोजशाला में पुरावशेष मिलने का सिलसिला जारी है। गुरुवार को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) की ओर से कराई गई खोदाई में 11 पुरावशेष और मिले। इन्हें हिंदू पक्षकारों ने मंदिर के स्तंभों के टुकड़े होने का दावा किया है। एएसआइ इन्हें भी परीक्षण के लिए भेजेगी। वहीं, भूतल में एक और दीवारनुमा संरचना पाई गई है। इसकी खोदाई भी कराने का निर्णय लिया गया है।
भोजशाला में ASI के सर्वे का गुरुवार को 77वां दिन था। इसके अंतर्गत टीम ने सुबह 8 बजे से सायं 5 बजे तक श्रमिकों से परिसर के उत्तर और पश्चिम क्षेत्र में कई स्थानों पर खुदाई कराई। इस दौरान ही छह बड़े और पांच छोटे आकार के पत्थर के पुरावशेष प्राप्त हुए। इन पर कुछ आकृतियां बनी हुई हैं।
हिंदू पक्ष ने दावा किया है कि ये पुरावशेष मंदिर के स्तंभों के टुकड़े हैं। उससे संबंधित आकृतियां इन पत्थर पर बनी हुई हैं। हिंदू पक्ष के गोपाल शर्मा ने बताया कि सभी 11 अवशेषों को परीक्षण के लिए सुरक्षित कर लिया हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी पत्थरों पर सनातन धर्म संबंधी प्रतीक चिह्न स्पष्ट अंकित हो रहे हैं।
.jpg)
दूसरी ओर, ASI ने गर्भगृह में वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराने के साथ ही ड्राइंग बनाने का कार्य किया है। उल्लेखनीय है कि पूर्व में मिले पुरावशेषों का परीक्षण कराने के लिए उन्हें एएसआइ ने जियोलाजिकल सर्वे आफ इंडिया के पास भेजा था। उनकी रिपोर्ट अभी नहीं आई है। रिपोर्ट हैदराबाद से आने में समय लग रहा है।