मांडू (नईदुनिया न्यूज)। मांडू उत्सव का आगाज करने पहुंचे मशहूर गायक नवराज हंस के नगमों की बारिश से मांडू झूम उठा। पब्लिक डिमांड पर दूसरी बार यहां पहुंचे नवराज की प्रस्तुति शुरू होते ही श्रोताओं ने कुर्सी छोड़ी और कला प्रेमी चारों तरफ झूमते-नाचते दिखे। सर्द मौसम और सरसरी हवाओं के बीच प्रस्तुति ने माहौल में संगीत का रस घोल दिया। रेवा कुंड पर मां नर्मदा की आरती के साथ गणेश वंदना और नर्मदा अष्टक पर बेहद भावपूर्ण प्रस्तुति के सात पांच दिवसीय मांडू उत्सव की रंगारंग शुरुआत हुई। इधर, सैलानियों ने यहां हॉट एयर बैलून से उड़ान भरी और विश्वस्तरीय एडवेंचर स्पोर्ट्स का आनंद लिया। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर मांडू उत्सव को हरी झंडी दी और मांडू को विश्व धरोहर की सूची में जल्द शुमार करवाने के प्रयासों की बात कही।
नवराज ने लूटा मंच, मस्ती में डूबा हर कोई
बालीवुड गायक नवराज हंस अपने अलग ही अंदाज में नजर आए। एक से बढ़कर एक फिल्मी गीतों की प्रस्तुति दी। नवराज ने अपनी प्रस्तुति की शुरुआत गीत से की। युवा वर्ग में विशेष जोश देखने को मिला। हर कोई मस्ती में डूबा नजर आया। नवराज ने कहा कि मांडू अद्भुत है। रानी रूपमती की इस कला नगरी में प्रस्तुति देना मेरे लिए सौभाग्य की बात है।
मिले सुर मेरा तुम्हारा को सभी ने सराहा
नूपुर कला केंद्र की बालिकाओं ने अपनी प्रस्तुतियों से सबका मन मोहा। गणेश वंदना गजानना श्री गणराया पर सुंदर प्रस्तुति दी। इसके बाद आजादी के अमृत महोत्सव के तहत देश की कई भाषाओं से सजे मिले सुर मेरा तुम्हारा पर बालिकाओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत नृत्य की प्रस्तुति दी। नर्मदा अष्टक पर भी भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई। भावना सिद्धि, जागृति डोड व अनन्या पचौरी ने शानदार प्रस्तुतियां दी।
शो केसिंग में दिखी आदिवासी संस्कृति की झलक
इसके बाद यहां शो केसिंग का आयोजन हुआ। इसमें धार जिले की आदिवासी परंपरा के तहत आदिवासियों के अद्भुत पहनावे को आधुनिक परिवेश में तैयार कर क्षेत्र एवं जिले के आसपास के कलाकारों ने कैटवाक के माध्यम से प्रदर्शन किया। उनकी इस प्रस्तुति को सभी ने सराहा। इंदौर की डिजाइनर नीता एंड माया द्वारा कैटवाक किया गया। धरा प्रोड्यूसर ग्रुप के साथ जिले के स्व सहायता समूह द्वारा इन परिधानों को तैयार किया गया है।
मांडू को मिलेगा सम्मान, सशक्त दावेदारी करेंगे
शुभारंभ समारोह में दीप प्रज्ज्वलन कर अतिथियों ने कार्यक्रम की शुरुआत की। स्वागत भाषण प्रमुख सचिव पर्यटन शिव शंकर शुक्ला ने दिया। मंच पर पर्यटन मंत्री उषा ठाकुर, उद्योग मंत्री राजवर्धनसिंह दत्तीगांव, सांसद छतरसिंह दरबार, जिला पंचायत की पूर्व उपाध्यक्ष कुसुमसिंह दत्तीगांव, धरमपुरी विधायक प्रतिनिधि के तौर पर भीमसिंह ठाकुर, नगर परिषद अध्यक्ष मालती जयराम गावर, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव यादव, पूर्व विधायक कालूसिंह, कलेक्टर डा. पंकज जैन, एसपी आदित्य प्रतापसिंह व इवेंट कंपनी के जय ठाकुर मंचासीन थे। अतिथियों ने कहा कि मांडू ऐतिहासिक स्थल है। अगर मांडू वर्ल्ड हेरिटेज सिटी बनता है तो दुनियाभर के सैलानी यहां के इतिहास से रूबरू हो सकेंगे। मांडू वर्ल्ड हेरिटेज सिटी की संभावित सूची में है। यूनेस्को में अपनी सशक्त दावेदारी पेश करेंगे, ताकि मांडू को उसका सम्मान मिल सके। संचालन प्रवीण शर्मा ने किया।
हवा में सेर कर अभिभूत नजर आए सैलानी
इधर, मांडू उत्सव के तहत यहां साहसिक गतिविधियों का आयोजन भी हो रहा है। ऐतिहासिक मीरा की जिरात पर पैरामोटरिंग, पैरासेलिंग, पैराग्लाइडिंग के माध्यम से उड़ान भर सैलानियों ने हवा से बातें की। उड़ान भर वापस लौटे सैलानियों की खुशी सातवें आसमान पर थी। इंदौर के रवि शर्मा ने कहा कि मांडू उत्सव के पहले दिन यहां मैंने अपने परिवार के साथ एडवेंचर स्पोर्ट्स का मजा लिया। यह मेरे लिए हमेशा यादगार रहेगा। मांडू में ऐसी गतिविधियों को हमेशा के लिए स्थापित करना चाहिए। इधर, रानी रूपमती के पास उड़ते पैराग्लाइडर ने भी पर्यटकों को खूब रोमांचित किया। टेंट सिटी के प्रति भी लोगों आकर्षण देखा गया और बड़ी संख्या में लोग टेंट सिटी की ओर रुख करते नजर आए।
हॉट एयर बैलून से आसमानी सैर का लिया मजा
मांडू में सुबह छह बजे हॉट एयर बैलून ने सैलानियों को लेकर उड़ान भरी। इस अद्भुत नजारे को जिसने भी देखा, वह देखता ही रह गया। सैलानियों ने हॉट एयर बैलून की सवारी की। हवा के दबाव के चलते पास ही के क्षेत्र में हॉट एयर बैलून उतरा। यह नजारा देखने बड़ी संख्या में छोटे बच्चे और आसपास के लोग जमा हो गए थे। सैलानियों ने ग्रामीणों के साथ सेल्फी ली और इन लम्हों को यादगार बनाया।
कवि सम्मेलन आज शाम 7ः30 बजे होगा शुरू
कवि सम्मेलन की शुरुआत शुक्रवार शाम साढ़े सात बजे से होगी। इसमें पद्मश्री डा. सुरेंद्र दुबे, (हास्य कवि) रायपुर, डा. रुचि चतुर्वेदी (श्रृंगार रस) आगरा, अशोक सुंदरी (लाफ्टर चैलेंज फेम) मुंबई, अशोक चारण (वीर रस) जयपुर, पार्थ नवीन (हस्य पेरोडी) प्रतापगढ़ राजस्थान, पंकज प्रसून (गीतकार) मांडू, लोकेश जड़िया नागदा काव्य पाठ करेंगे। सूत्रधार हास्य कवि संदीप शर्मा धार आमंत्रित किए गए हैं।
दिखाया लाइव
मांडू उत्सव के पहले दिन जामा मस्जिद चौक में चित्रकारों ने लाइव डेमोंस्ट्रेशन किया। यहां पहुंचे चित्रकारों ने ऐतिहासिक स्मारकों के चित्र ऊंकेरे, वहीं पर्यटकों ने चित्रकारों से लाइव पोट्रेट भी बनवाए। युवा वर्ग में बेहद उत्साह देखने को मिला। चित्रकार अनूप श्रीवास्तव, लक्ष्मी जायसवाल व समन तरफदार ने आकर्षक पोट्रेट बनाए। इंदौर की शालिनी तंवर अपना लाइव पोट्रेट बनाकर बहुत खुश नजर आईं। धामनोद के कैलाश पाटीदार ने पोट्रेट बनाते हुए इ्ंटरनेट मीडिया पर लाइव शो किया और दुनियाभर को मांडू उत्सव से रूबरू कराया।
जहाज महल का लाइव पोट्रेट बना आकर्षण का केंद्र
इधर, चित्रकार समन तरफदार ने जहाज महल का बेहद आकर्षक लाइव पोट्रेट बनाया, जो यहां आने वाले सैलानियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। उन्होंने जहाज महल की बनावट को अपने कैनवास पर इस तरह उकेरा की सैलानी देखते रह गए। फिलहाल यह आर्ट एंड क्राफ्ट गैलरी में लगाया गया है।