राजगढ़ (नईदुनिया न्यूज)। ओल्ड नेशनल हाईवे स्थित राजेंद्र कालोनी द्वार के सामने गुरुवार को एक वाहन (जीप) अनियंत्रित हो गया। वाहन ने चार बाइक, तीन ठेलागाड़ी और एक साइकिल चालक को टक्कर सब्जी विक्रेता महिला को चपेट में ले लिया। इससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। साइकिल चालक को कमर और पैर में चोट आई है। गुस्साए लोगों ने वाहन के चालक की जमकर धुनाई कर दी।
जानकारी के मुताबिक कुक्षी नाका की ओर से शाम साढ़े चार बजे तूफान वाहन एमपी09, बीडी7718 तेज गति में आ रहा था। बस स्टैंड कार्नर के बाद वाहन अनियंत्रित हो गया। राजेंद्र कालोनी द्वार के बाहर साइकिल चालक खूबाभाई गवली, सड़क किनारे ठेलागाड़ी पर सब्जी बेच रही अमोदिया निवासी पिंकी मोहन लोधा सहित एक बाइक और ठेलागाड़ी को टक्कर मार वाहन दूसरी पट्टी पर जा पहुंचा। जहां दो बाइक, एक स्कूटी और ठेलागाड़ी को टक्कर मारते हुए दीवार से टकरा जाने के बाद वाहन रुक गया। बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए थे। भीड़ ने वाहन चालक की धुनाई कर दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस वाहन चालक को पकड़कर थाने ले गई। आरक्षक सत्यपाल जाट और लाखनसिंह जाट ने घायल महिला को सरदारपुर अस्पताल भिजवाया। जहां उपचार के लिए दौरान अमोदिया निवासी पिंकी लोधा ने दम तोड़ दिया।
वाहन के नीचे दबी दो बाइक
प्रत्यदर्शियों ने बताया कि चालक करीब सौ से अधिक की गति से वाहन चला रहा था। इसी के चलते राजेंद्र कालोनी द्वार स्थित पट्टी पर लोगों को टक्कर मार दूसरी पट्टी पर जा पहुंचा। दीवार आने के बाद वाहन रुक गया था। वाहन के नीचे दो बाइक दब गई थी। गनीमत रही कि दूसरी पट्टी पर बाइक और ठेलागाड़ी ही चपेट में आई, वरना कई बार चार्टर्ड बस आफिस के बाहर यात्रियों की भीड़ लगी रहती है। प्रधान आरक्षक प्रेमपाल चौधरी ने बताया कि चालक शराब के नशे में वाहन चला रहा था। उसे गिरफ्तार किया है।