Dhar News : अनाज नहीं मिलने के कारण युवक टावर पर चढ़ा, तीन घंटे की समझाइश के बाद माना
Dhar News : शराब के नशे में था युवक, एक साल पूर्व भी टावर पर चढ़ा था
By Nai Dunia News Network
Edited By: Nai Dunia News Network
Publish Date: Sun, 26 Feb 2023 09:18:30 PM (IST)
Updated Date: Sun, 26 Feb 2023 11:08:52 PM (IST)

Dhar News : बदनावर (नईदुनिया न्यूज)। बदनावर के गांव कोद में रविवार शाम चार बजे एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। जब लोगों ने युवक को देखा तो तुरंत ही पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को टावर से उतारने की समझाइश दी गई।
युवक नीचे उतरने को तैयार नहीं था। करीब तीन घंटे की समझाइश के बाद युवक माना और शाम सात बजे युवक नीचे उतरा। जानकारी के अनुसार कमल पिता बनेसिंह निवासी कोद अनाज नहीं मिलने के कारण टावर पर चढ़ गया। जब लोगों ने कमल को टावर पर देखा तो बड़ी संख्या में वहां भीड़ इकट्ठा हो गई।
लोगों सहित पुलिस ने युवक को मनाने का प्रयास किया पर वह नीचे उतरने को तैयार नहीं था। तीन घंटे बाद युवक नीचे उतरा। एक साल पूर्व भी कमल बीपीएल कार्ड की मांग को लेकर टावर पर चढ़ गया था। उस समय भी कमल को काफी देर तक समझाइश के बाद टावर से नीचे उतारा गया था।
इसके बाद बकायदा युवक का बीपीएल कार्ड बनवाया गया था। रविवार को एक बार फिर युवक अपनी मांग को मनवाने के लिए टावर पर चढ़ गया। कानवन टीआइ रामसिंह राठौड़ ने बताया कि युवक शराब के नशे में टावर पर चढा था। करीब तीन घंटे की समझाइश के बाद शाम सात बजे युवक टावर से नीचे उतरा है। युवक का कहना था कि उसे अनाज नहीं मिला इसलिए टावर पर चढ़ा।