
नईदुनिया प्रतिनिधि, गुजरी, धार (Dhar News)। राऊ -खलघाट फोरलेन के गणपति घाट की नई सड़क पर देर रात को एक सड़क हादसा हो गया। नई सड़क के ओवर ब्रिज के मोड़ पर ट्राला अनियंत्रित होकर करीब 50 फीट नीचे जा गिरा। हादसे में ट्राले में सवार ड्राइवर और कंडक्टर की दबने से मौके पर ही मौत हो गई। दोनों को एंबुलेंस की मदद से धामनोद अस्पताल भेजा गया। सूचना मिलने पर घटना स्थल पर काकड़ादा पुलिस पहुंची।
जानकारी अनुसार इंदौर की ओर से आकर धामनोद की तरफ जा रहा ट्राला क्रमांक एमपी 09 एचजी 0954 गणपति घाट के नई सड़क के ग्राम बाकानेर में ब्रिज के मोड़ पर अनियंत्रित होकर करीब 50 फिट ब्रिज के निचे जा गिरा।

हादसें में ट्राले में सवार ड्राइवर और कंडक्टर की दबने से मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी लगते ही काकड़दा चौकी प्रभारी मिथुन चौहान अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ड्राइवर और कंडक्टर को 108 एम्बुलेंस कि मदद से उपचार के लिए धामनोद अस्पताल भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। ट्राला गेहूं से भरा हुआ था। हादसें में ट्राला बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हे।