
धार। जिलेभर में ईसाई समाज ने प्रभु यीशु की प्रार्थना करते हुए जन्मदिवस की खुशियां मनाईं। प्रभु यीशु के जन्म की खुशी में समाजजन उत्साह और आनंद के साथ थिरके। चर्च पर आकर्षक सज्जा की गई। सिलसिलेवार आयोजनों का क्रम चला और इसके बाद केक काटकर जन्मोत्सव की खुशियां मनाई गईं। चर्च परिसर के बाहर ढोल की मधुर थाप पर सभी उत्साह के साथ झूम रहे थे। यह सिलसिला नववर्ष के आगमन तक जारी रहेगा। समाजजन एक-दूसरे को क्रिसमस की बधाई दे रहे थे तो सांता क्लॉज आज भी बच्चों में उपहार बांटते नजर आए।
मांडू रोड स्थित मसीही मंदिर चर्च पर क्रिसमस पर्व धूमधाम से मनाया गया। सुबह 9 बजे आराधना की गई। प्रेसबिटर इंचार्ज रेव्ह. राजेश वसुनिया ने प्रार्थना करवाई। इसके बाद चर्च परिसर में श्री वसुनिया व समाजजनों ने केक काटा। पिछले कई दिनों से आयोजनों का दौर चल रहा है। समाजजनों का उत्साह आज परवान चढ़ा। सभी सजधजकर प्रभु यीशु के जन्मदिन के लिए चर्च पर एकत्रित हुए।
क्रिसमय पर्व पर हुई आराधना के बाद प्रभु यीशु के जन्म के बारे में बताया गया। युवक सभा ने 'एक तारा हां एक तारा..' की प्रस्तुति दी। प्रार्थना के बाद चर्च परिसर में श्री वसुनिया व अन्य समाजजनों ने मिलकर केक काटा गया। छोटों ने बड़ों का आशीर्वाद लिया। बच्चे सहित हर वर्ग ने डांस किया। बच्चों को गिफ्ट दिए गए। युवाओं ने एक-दूसरे के साथ सेल्फी भी ली।
नववर्ष तक जारी रहेंगे कार्यक्रम
क्रिसमस पर्व की धूमधाम नववर्ष तक जारी रहेगी। 26 दिसंबर को दोपहर 2 बजे खेलकूद प्रतियोगिताएं होंगी। इसमें बच्चे व युवा सहित हर वर्ग के लिए अलग-अलग प्रतियोगिता होगी। 27 दिसंबर को पिकनिक व 28 दिसंबर को रविवारीय आराधना होगी। 29 दिसंबर को शाम 6 बजे बाईबल क्विज व लिखित मौखिक प्रतियोगिता होगी। -निप्र