
नईदुनिया प्रतिनिधि, धार। हटवाड़ा क्षेत्र स्थित पूर्व इमामबाड़ा परिसर पर बीती रात प्रदर्शन कर लोगों को रोकने और प्रतिबंधात्मक आदेश का उल्लंघन करने के मामले में पुलिस ने मुस्लिम समाज के करीब 100 लोगों पर प्रकरण दर्ज किया है। इनमें से 13 को नामजद आरोपित बनाते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
बता दें, जिला प्रशासन ने पूर्व इमामबाड़ा परिसर को खाली कराने का आदेश दिया है, जिसके खिलाफ सरकारी इमामबाड़ा ताजिया कमेटी ने हाईकोर्ट की इंदौर खंडपीठ में याचिका दायर की है। जिस पर 25 जून को सुनवाई होनी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर ने बताया कि मोहर्रम पर्व के तहत मंगलवार को मेहंदी का कार्यक्रम था।
इसमें मुस्लिम समाज लोग पूर्व इमामबाड़े पर माला चढ़ाने और मन्नत पूरी होने पर पारंपरिक रस्में निभाने पहुंचे थे। इस दौरान कुछ लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया, जिससे आवागमन बाधित हुआ।
पुलिस ने इसे प्रतिबंधात्मक आदेशों का उल्लंघन मानते हुए मामला दर्ज कर वीडियो फुटेज और फोटोग्राफों की जांच की गई। जिसमें कुछ लोग त्योहार मनाने आ रहे लोगों को रोकने का प्रयास करते दिखे।
पुलिस ने अल्लू उर्फ अल्पेश, शहनवाज बोरा, परवेज फौजा, बिट्टू, अमान मैकेनिक, सलमान, अट्टू, जावेद एमके, मजहर, सोहेल, जाका, रेहान शेख तथा अजहर सहित अन्य लोगों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है। इसमें अमान व मजहर को गिरफ्तार कर लिया गया है।