
नईदुनिया प्रतिनिधि, धार, राजगढ़। शहर में ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। नरटोडी चौराहे के पास कथित तौर पर सीआईडी पुलिसकर्मी बनकर पहुंचे दो अज्ञात बदमाशों ने एक बुजुर्ग को पुलिसिया रौब दिखाकर पहले डराया और फिर उसके गले की सोने की चेन और अंगूठी उतरवा ली।
इसके बाद जेवरों की पुड़िया बनाकर बुजुर्ग को वापस थमा दी और मौके से फरार हो गए। घर पहुंचकर पुड़िया खोली तो उसमें असली सोने के जेवरों की जगह आर्टिफिशियल चेन और चांदी जैसी धातु की अंगूठी मिली।
पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर की सुबह करीब 7:35 बजे सरदार सिंह सोलंकी (66), निवासी जमाई कॉलोनी राजगढ़, बस स्टैंड से फूलमाला लेकर अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नरटोडी मेन रोड पर एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति उनके पास पहुंचे और उन्हें रुकने के लिए कहा।
बताया गया है कि दोनों ने खुद को सीआईडी पुलिस बताया। आरोपियों ने पुलिस ड्रेस में अपना फोटो भी फरियादी को दिखाया। इसी दौरान उन्होंने एक व्यक्ति को चाकू मारने की बात कहते हुए ऐसा माहौल बनाया, जिससे फरियादी भयभीत हो गया। इसके बाद आरोपियों ने कहा कि सोना-चांदी पहनकर घूमना मना है और ऐसा करने पर 10 हजार का जुर्माना लगेगा।
पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान मोटरसाइकिल से एक तीसरा व्यक्ति भी वहां आया। उसने अपने गले में पहनी चेन उतारकर दोनों आरोपियों को दे दी और फिर मोटरसाइकिल से वहां से चला गया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने फरियादी से भी गले की सोने की चेन और सोने की अंगूठी उतारकर देने को कहा।
बुजुर्ग ने डर के कारण दोनों जेवर उतारकर आरोपियों को दे दिए।
आरोपियों ने दोनों जेवरों को एक पुड़िया में रखा और फरियादी को वापस देते हुए कहा कि अपनी चेन और अंगूठी संभालकर रख लो। इसके बाद दोनों मोटरसाइकिल से वहां से फरार हो गए। जब पुड़िया खोली गई तो उसमें असली सोने की चेन और अंगूठी की जगह सोने जैसी दिखने वाली आर्टिफिशियल चेन और चांदी जैसी धातु की रिंग मिली। इस तरह आरोपियों ने पुलिसकर्मी होने का झांसा देकर बुजुर्ग के साथ धोखाधड़ी की।
फरियादी के थाने पहुंचने पर पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज किया है। उपलब्ध पुलिस विवरण के अनुसार मामला राजगढ़ थाने में अपराध क्रमांक 449/26 के तहत दर्ज किया गया है। मामले में धारा 318(4) बीएनएस का उल्लेख है। पुलिस के अनुसार आरोपियों की संख्या तीन अज्ञात बताई गई है।