
Leopard in Dhar: राजगढ़ (नईदुनिया न्यूज)। तिरला चौकी अंतर्गत ग्राम चौबारा के जंगल में तेंदुआ शिकार की खोज में विचरण कर रहा है। मंगलवार को गांव चौबारा से कलमोड़ा की ओर जा रहे लोगों को सड़क से गुजरते हुए तेंदुआ नजर आया। रास्ते में तेंदुए को चहलकदमी करते देखकर ग्रामीणों में एक बार फिर भय बैठ गया है।
हालत यह हो गए हैं कि अकेला व्यक्ति अब खेत पर भी नहीं जा पा रहा है। सुरक्षा के लिहाज से अपने साथ लाठी रख रहे हैं। साथ ही कोई भी रिश्तेदार आते हैं तो उन्हें गांव के दो-चार लोग मिलकर जंगल को पार कर छोड़ने जा रहे हैं। वहीं शाम होते ही किसान अपने खेतों से तो ग्रामीण अपने घरों में लौट आते हैं। इसके बाद घरों से बाहर नहीं निकलते हैं। तेंदुए के कारण उन्हें जानवरों की विशेष देखभाल करनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने मांग की है कि कोई जनहानि न हो, इसके पहले तेंदुए को पकड़ा जाना चाहिए।
गौरतलब है कि एक जुलाई को खेत पर बोवनी करने गए किसान कुंवरसिंह व उनकी पत्नी पर तेंदुए ने हमला किया था। क्षेत्र में लगातार तीन बार तेंदुए को देखा गया है। एक के बाद एक मामले आने के बावजूद तेंदुए की उपस्थिति को लेकर वन विभाग कोई सुराग नहीं लगा पाया है। अभी तक तेंदुए को पकड़ने को लेकर कोई कार्य योजना नहीं बनाई गई है।
जिन क्षेत्रों में तेंदुए को देखा गया, उन स्थानों पर अभी तक तेंदुए की धरपकड़ के लिए कोई पिंजरा नहीं लगाया गया है। इसी का नतीजा है कि अभी वन विभाग की पहुंच से तेंदुआ दूर है। इससे तेंदुआ क्षेत्र में भ्रमण कर शिकार की तलाश में है। इस कारण करीब चार गांव के लोगों में खौफ बना हुआ है।
ग्राम चोबारा के दो भाई संतोष व गाजू अपनी बहन करमा व जीजा इल्लू को ग्राम कलमोड़ा छोड़ने जा रहे थे। इस दौरान उन्होंने शाम करीब साढ़े सात बजे रास्ते में एक बार फिर तेंदुए को चहलकदमी करते देखा। उन्होंने बताया कि तेंदुए को देख हमने अपने वाहनों को बंद कर लिया था। फिर जिस स्थान पर खड़े थे, उसी स्थान पर करीब 10 मिनट तक खड़े रहे। जैसे ही तेंदुआ वहां से गया। इसके बाद वहां से हम निकल गए।
ग्राम के निर्भय व बबलू ग्रेवाल ने बताया कि वर्षों पुरानी यहां गांव से करीब दो किमी की दूरी पर एक गुफा है। इस गुफा की ओर गांव के लोग नहीं जाते हैं, क्योंकि यहां पर जंगली जानवर की रहने की आशंका है। उन्होंने बताया कि गत दिनों हमारे गांव के कुंवर सिंह पर तेंदुए ने हमला किया था। इसके बाद गांव की एक महिला ने तेंदुए को गुफा की ओर जाते देखा था। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि तेंदुआ इसी गुफा में निवास कर रहा है।
चौबारा सरपंच प्रतिनिधि बनसिंह ग्रेवाल ने बताया कि क्षेत्र में लगातार तेंदुए को देखकर चौबारा, बोरवानी, कलमोड़ा व सागिया गांवों के लोगों में खौफ बना हुआ है। इस कारण ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। सूरज ढलने के बाद लोग खेत या जंगल जाने से कतरा रहे हैं। जरूरत पर झुंड में लाठी लेकर चल रहे हैं। पशुपालक जानवरों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
वन विभाग की टीम सक्रिय है। गांव में ग्रामीणों के माध्यम से सूचना मिली थी। इसके बाद से ही तेंदुए की खोजबीन की जा रही है। - विक्रम निनामा, डिप्टी रेंजर, वन विभाग सरदारपुर