देवास(नईदुनिया प्रतिनिधि)। जिला जेल में अब सुबह शाम गायत्री मंत्र गूंजेंगे। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में गायत्री परिवार शाखा बुधनी द्वारा विभिन्ना केंद्रीय एवं उपजेलों में गायत्री मंत्र बाक्स स्थापित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिला जेल देवास में भी गायत्री मंत्र के इलेक्ट्रानिक बाक्स स्थापित किए गए। साथ ही कैदियों को गायत्री मंत्र लेखन एवं साहित्य भेंट किए गए। गायत्री शक्तिपीठ के मीडिया प्रभारी विक्रमसिंह चौधरी ने बताया कि गायत्री परिवार के वरिष्ठ परिजनों द्वारा कैदी को गायत्री मंत्र के बारे में सारगर्भित उद्बोधन दिया गया। जिला समन्वयक रमेशचंद्र मोदी ने कहा कि अखिल विश्व गायत्री परिवार की पहल पर जेलों का वातावरण शुद्ध, सात्विक एवं आध्यात्मिक बनाने के लिए जेलों में गायत्री मंत्र गूंजेगा। परिवार बुधनी के वरिष्ठ परिजन प्रेमलाल कुशवाह ने कहा कि आज समस्त संसार में वैचारिक प्रदूषण हो रहा है। जिसके कारण लोगों की बुद्धि दुर्बुद्धि में परिवर्तित हो गई है, यही कारण है कि लोग आपराधिक प्रवृत्तियों को अपनाते हैं और अपराधी बन जाते हैं। दुर्बुद्धि को सद्बुद्धि में परिवर्तित करने का सरल एवं सुगम मार्ग गायत्री मंत्र हैं, क्योंकि गायत्री मंत्र वेद मंत्र एवं सद्बुद्धि का मंत्र है। जिसके जप और गुंजन से सात्विक व आध्यात्मिक वातावरण निर्मित होता है। जेलों में गायत्री मंत्र की गुंजन से कैदियों की बुद्धि, विचार एवं भावनाओं में परिवर्तन होगा। आयोजन में गायत्री परिवार की कंचन कंथेरिया ने भी संबोधित किया। जिला जेल अधीक्षक हीमानी मनवारे बताया कि बाक्सों को सुबह शाम को चलाया जाएगा। गायत्री परिवार ने साहित्य भी भेंट किए हैं।
-49 जिलों के जेल में स्थापित किए
विक्रमसिंह चौधरी ने बताया कि प्रदेश के 49 जिले में अब तक बाक्स स्थापित किए हैं। करीब 400 से ज्यादा बाक्स लगाए गए हैं।
जिला जेल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपजेल अधीक्षक जेआर मंडलोई, मुख्य प्रहरी दशरथसिंह, प्रहरीगण सोमदत्त शर्मा प्रहरी, संतोष बडोनिया, शोभा श्रीवास्तव व अन्य स्टाफ उपस्थित थे।