धार में चाकूबाजी से युवक की मौत के बाद फूटा आक्रोश, इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन पर लगाया जाम, आरोपी का मकान तोड़ने की मांग
सादलपुर थाना क्षेत्र के गुणावद में तिरुपति होटल पर गुरुवार देर रात हुई चाकूबाजी में युवक की मौत के बाद शुक्रवार को लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। पोस्टमार्...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 09 Oct 2026 01:53:04 PM (IST)Updated Date: Fri, 09 Oct 2026 01:57:02 PM (IST)
ग्रामीणों ने इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन पर लगाया जाम। -नईदुनियाHighLights
- गुणावद में शव पहुंचते ही गुस्साए ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
- आरोपी का मकान तोड़ने की मांग; एएसपी सहित पुलिस बल तैनात
- आक्रोशित लोगों ने इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन पर जाम लगा दिया
नईदुनिया प्रतिनिधि, धार। सादलपुर थाना क्षेत्र के गुणावद में तिरुपति होटल पर गुरुवार देर रात हुई चाकूबाजी में युवक की मौत के बाद शुक्रवार को लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। पोस्टमार्टम के बाद मृतक विकास कायत का शव गुणावद पहुंचते ही बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। आक्रोशित लोगों ने इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन पर जाम लगा दिया और घटना में शामिल आरोपित का मकान ध्वस्त करने की मांग की। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
घटना के बाद से ही क्षेत्र में तनाव का माहौल है। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। लोगों में घटना को लेकर भारी नाराजगी देखी गई। उनकी मांग है कि युवक की हत्या के मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और संबंधित आरोपित के मकान को ध्वस्त किया जाए। फोरलेन पर जाम लगने से आवागमन भी प्रभावित हुआ।
होटल पर विवाद के बाद हुई चाकूबाजी
जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात गुणावद स्थित तिरुपति होटल पर विवाद के दौरान चाकूबाजी हुई थी। इस घटना में नियामतखेड़ी निवासी विकास कायत की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए। घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विवाद खाने के ऑर्डर को लेकर हुआ था। हालांकि, घटना के पीछे की पूरी वजह और विवाद के क्रम की पुलिस जांच कर रही है।
एक संदिग्ध हिरासत में, पुलिस की निगरानी
मामले में पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज सहित उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।
फोरलेन पर प्रदर्शन और लोगों के आक्रोश को देखते हुए एएसपी विजय डावर सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। पुलिस अधिकारियों की निगरानी में स्थिति को संभालने के प्रयास किए गए। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्क है।