धार(नईदुनिया प्रतिनिधि)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को जिला मुख्यालय स्थित इंदौर नाका पर 3.47 करोड़ की लागत से निर्मित महाराजा भोज उद्यान के लोकार्पण के साथ-साथ वहां स्थापित की गई राजा भोज की प्रतिमा का अनावरण कर पुष्पांजलि अर्पित की। शिल्प कला दीर्घा (हाट बाजार) का फीता काटकर लोकार्पण किया। इसके पश्चात उन्होंने पंचवर्षीय रोड मैप का विमोचन किया। लोकार्पण के साथ ही यह उद्यान व शिल्प कला दीर्घा (हाट बाजार) आम लोगों के लिए प्रारंभ भी हुआ। इस उद्यान में हरियाली होने से नगरवासियों को बढ़िया सौगात उपलब्ध हुई है। उद्यान में दो गजीबों को निर्माण किया गया। जहां लोग बैठकर प्राणायाम भी कर सकते हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि धार की पहचान राजा भोज से है, राजा भोज ने पूरे प्रदेश को सुशासन का मंत्र दिया था, हमारी आस्था व श्रद्धा का केंद्र हैं राजा भोज, जिनसे हम प्रेरणा प्राप्त करते हैं। उनकी भव्य प्रतिमा यहां लगाई गई है। प्रतिमा को देखकर सचमुच में मन आनंदित हुआ। मैं प्रतिमा के निर्माण के इस फैसले पर आप सभी का अभिनंदन करता हूं। जिन कलाकारों ने बनाया है उनको भी धन्यवाद देता हूं। प्रतिमा के साथ साथ राजा भोज उद्यान, हाट बाजार भी बनाया गया है। हाट बाजार का लाभ धार की जनता उठाएगी। शिल्पकार, कलाकार तथा अलग-अलग सामान बनाने वाले कलाकारों को भी इसका लाभ निश्चित तौर पर मिलेगा। पूर्व केंद्रीय मंत्री विक्रम वर्मा ने कहा कि आज राजा भोज की प्रतिमा के अनावरण के साथ हमारा सपना पूरा हुआ है, परिसर को भव्य रूप देने के लिए और भी धनराशि की जरूरत पड़ेगी, उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि इस संबंध में उचित निर्णय लें।
भोज उद्यान की विशेषताएं
मुख्यमंत्री अधोसंरचना के द्वितीय चरण नौ हजार 500 वर्ग मीटर में ऐतिहासिक स्वरूप में निर्मित किए गए इस उद्यान की विशेषता यह है कि यहां राजा भोज की कांस्य की 15 फीट ऊंची तथा करीब दो हजार 300 किलो वजनी प्रतिमा स्थापित की गई है। यह पूरे प्रदेश की दूसरी भोज प्रतिमा है। भोज उद्यान का परिसर किला नुमा बनाया गया है। इसमे दो भव्य द्वार बनाए गए हैं। साथ ही लोगों के बैठने के लिए लाल पत्थर से बैठक निर्मित की गई है। यहां फव्वारे एवं कलाकृतियां सजाई गई हैं। निर्मित हाट बाजार मे शिल्पियों के लिए 42 दुकानों का निर्माण कराया गया है। इस अवसर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग मंत्री डा. महेंद्र सिंह सिसोदिया, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, सांसद छतर सिंह दरबार, विधायक नीना वर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री विक्रम वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव यादव, नगर पालिका अध्यक्ष पर्वत सिंह चौहान, उपाध्यक्ष कालीचरण सोनवानिया सहित समस्त पार्षद, अधिकारी, कर्मचारी व गणमान्य नागरिक मौजूद थे।