
नईदुनिया न्यूज, गंधवानी। घर में रोटी मांगने की बात....एक पिता की इतनी-सी अपेक्षा....लेकिन इसी बात पर हुए विवाद ने ऐसा हिंसक रूप ले लिया कि बेटे ने अपने ही पिता की जान ले ली। घर के भीतर शुरू हुआ झगड़ा देखते ही देखते खूनी वारदात में बदल गया। लेकिन बेटे को ये बात इतनी नागवार गुजरी कि उसने गुस्से में अपना आपा खो दिया। बेटे ने लकड़ी के फाचरे से अपने ही पिता के सिर और मुंह पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण पिता की मौके पर ही मौत हो गई।
बीच-बचाव करने पहुंची काकी को भी आरोपित ने नहीं छोड़ा और उन पर भी हमला कर दिया। दिल दहला देने वाली ये घटना गंधवानी थाना क्षेत्र के ग्राम बड़िया धावड़ियापुरा की है। यहां 18 नवंबर की रात 45 वर्षीय गुलाब पुत्र पहाड़सिंह सोलंकी की उनके ही बेटे कालू ने हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ ही घंटों में आरोपित बेटे को गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
फरियादी धनीबाई ने पुलिस को बताया कि देवर का बेटा कालू मनावर में ड्राइवर का काम करता है। वह खेती के काम से अपने घर आता जाता रहता था। देवर गुलाब ने अपने बेटे कालू को रोटी नहीं देने की बात कही थी। इसी बात को लेकर बेटे ने विवाद शुरू कर दिया। आए दिन रोटी को लेकर झगड़ा करने की बात कहते हुए वह गाली-गलौज करने लगा। देखते ही देखते गुस्सा इस कदर बढ़ा कि कालू ने जान से खत्म करने की धमकी दी और हाथ में लिए लकड़ी के फाचरे से पिता के सिर और मुंह पर लगातार चार-पांच वार कर दिए।
इससे देवर गुलाब का मुंह व सिर खून से लथपथ हो गया था और गंभीर चोट लगने से मौके पर ही गुलाब की मौत हो गई। काकी बचाने पहुंची तो उस पर भी किया हमला घर में पिता और बेटे के बीच चल रहे विवाद को शांत कराने के लिए जब मैं आगे आई और अपने देवर को बचाने की कोशिश कर रही थी, तभी भतीजे ने मुझ पर व मेरी सास पर भी हमला कर दिया। लकड़ी से मुझे कमर पर वार कर चोट पहुंचाई।
एक ओर पिता जिंदगी की जंग हार गया, वहीं काकी अपने ही भतीजे के हाथों घायल हो गई। घर की चौखट पर रोटी की बात से शुरू हुआ विवाद एक परिवार के लिए ऐसी त्रासदी बन गया, जिसकी भरपाई अब कभी नहीं हो सकेगी। जिस बेटे से बुढ़ापे में सहारे की उम्मीद थी, उसी के हाथों पिता की जिंदगी खत्म हो गई।