
नईदुनिया प्रतिनिधि, धार। 'हम मर जाएंगे, प्लीज गाड़ी रोक दो...' कार के बोनट पर लटके पिता-पुत्र की यह गुहार भी चालक का दिल नहीं पिघला सकी। आरोप है कि दोनों को बोनट पर लटकता छोड़ वह करीब चार किलोमीटर तक कार दौड़ाता रहा। पिता-पुत्र खुद को संभालने के साथ मदद के लिए चिल्लाते रहे, लेकिन कार की रफ्तार कम नहीं हुई।
Video: 'हम मर जाएंगे, गाड़ी रोक दो...' धार में कार की बोनट पर लटके पिता-पुत्र को 4 किमी तक दौड़ाता रहा सनकी https://t.co/bYqUthnNNJ
— NaiDunia (@Nai_Dunia) October 22, 2026
आखिरकार ग्रामीणों ने पीछा कर लोनी फाटे के पास वाहन रुकवाया और दोनों को बचाया। उक्त घटना 21 अक्टूबर की रात करीब आठ बजे की है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। पुलिस ने कार जब्त कर चालक के खिलाफ बीएनएस की चार धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, उक्त घटना कुक्षी थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 2 स्थित सुतार मोहल्ले की है। फरियादी बाबूलाल भूराजी रात में पैदल घर जा रहे थे। इसी दौरान कार क्रमांक MP-13-ZL-8063 के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनके पैर में टक्कर मार दी। बाबूलाल ने चालक को रोककर समझाने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि चालक ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच बाबूलाल का बेटा भारत मौके पर पहुंचा।
वह कार की फोटो खींच रहा था, तभी चालक ने अचानक गाड़ी आगे बढ़ा दी। इससे बाबूलाल और भारत बोनट पर जा गिरे। इसके बाद जो हुआ, उसने दोनों की जान जोखिम में डाल दी। आरोप है कि चालक ने कार रोकने के बजाय रफ्तार बनाए रखी और पिता-पुत्र को बोनट पर लटकाए आगे बढ़ता रहा।
बोनट पर फंसे पिता-पुत्र लगातार चालक से गाड़ी रोकने की गुहार लगाते रहे। उनकी आवाज सुनकर ग्रामीण हरकत में आए और कार का पीछा शुरू कर दिया। करीब चार किलोमीटर बाद लोनी फाटे के पास वाहन रुकवाया जा सका। इसके बाद दोनों को बचाया गया। घटना के दौरान दोनों की जान पर खतरा बना रहा।
पुलिस के अनुसार, कार सवार लोग इंदौर से डही में रिश्तेदारों से मिलने आए थे और रात में वापस लौट रहे थे। ग्रामीणों ने चालक के शराब के नशे में होने की बात कही है, लेकिन पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मामले में जांच जारी है।
यह भी पढ़ें- भोपाल मास्टर प्लान 2047 के विरोध में सड़कों पर उतरे किसान, नीलबड़ पर पुलिस ने रोका, बीच राह लगाया धरना