
नईदुनिया प्रतिनिधि, गुजरी। गणपति घाट से लेकर गुजरी तक हाईवे पर पुलिस की लगातार गश्त के बावजूद बदमाशों के हौसले दिन-प्रतिदिन बुलंद होते जा रहे हैं। क्षेत्र में पहले भी सड़क से गुजर रहे वाहनों पर पथराव की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। शनिवार देर रात करीब 12 बजे हाईवे स्थित पलाश होटल के पास कुछ बदमाशों ने यात्रियों से भरी दो बसों सहित कई वाहनों पर पत्थर फेंके।
घटना में कई वाहनों के कांच टूट गए। हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इधर सूचना मिलते ही धामनोद पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास घेराबंदी कर 7 बदमाशों को हिरासत में लिया। इनमें से 3 आरोपितों का पुलिस ने जुलूस निकाला। जबकि 4 आरोपित नाबालिग हैं।
फरियादी व वाहन चालक गोकुल चौधरी निवासी ग्राम धामंदा, थाना बरोठा जिला देवास ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 23 मई 2026 को स्लीपर बस क्रमांक एमपी 13 पी 6077 से सवारियां लेकर इंदौर से जालना (महाराष्ट्र) जा रहा था। रात करीब 11:55 बजे जैसे ही बस पलाश होटल के पास पहुंची, तभी कुछ अज्ञात युवकों ने बस पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। इस हमले में बस का सामने का कांच टूट गया।
बस के पीछे आ रही पवन ट्रेवल्स की बस क्रमांक एमपी 30 पी 1613 को भी बदमाशों ने निशाना बनाया, जिससे बस के बाईं ओर के 2 से 3 कांच टूट गए। इसी दौरान एक काली अर्टिगा कार क्रमांक 25 बीएच 2147 एस पर भी पत्थर फेंके गए, जिससे कार का पिछला कांच और डोर पैनल क्षतिग्रस्त हो गया। ईको वाहन क्रमांक आरजे 09 जीई 2612 के चालक अब्दुल पिता नफीस शेख निवासी सेंधवा की गाड़ी के सामने का कांच भी पत्थरबाजी में टूट गया।
घटना में किसी वाहन चालक या यात्री को चोट नहीं आई, लेकिन वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा है। पीड़ितों ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ देर रात थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
यह भी पढ़ें- 'साहब पानी दिलवा दो जनता मर जाएगी...', पुलिस अफसरों के पैरों में लोटकर बोले पार्षद, इंदौर में पानी के लिए मचा हाहाकार
एसडीओपी मोनिका सिंह ने बताया कि शनिवार रात करीब 12 बजे कुछ शरारती तत्वों द्वारा वाहनों पर पत्थर फेंकने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम को तत्काल मौके पर रवाना किया गया। पुलिस ने आसपास तलाश कर गुजरी क्षेत्र से 7 आरोपितों को गिरफ्तार किया, जिनमें 4 नाबालिग शामिल हैं। सभी आरोपितों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है।