
गोपाल गर्ग, नईदुनिया, धार - सरदारपुर : नर्मदे महारानी और माही माता की जय के जयकारों के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को सरदारपुर में अपना उद्बोधन शुरू किया। उन्होंने कहा कि धार को मां नर्मदा के जल की सौगात मिल रही है। ये किसानों के लिए अद्भुत अवसर है।
करीब 100 किलोमीटर आगे तक जाने वाली यह परियोजना धार और झाबुआ जिले के कई गांवों को लाभान्वित करेगी। वर्षों तक धार आदिवासी अंचल रेल सुविधा से भी वंचित रहा, लेकिन अब यहां मेमू ट्रेन भी आ गई है। आने वाले समय में धार के विकास की गति और तेज होगी।

सीएम के रिमोट दबाते ही सूखे खेत में बही नर्मदा जल की धारा। -नईदुनिया
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा योजना का लोकार्पण करते ही अंचल के खेतों में नर्मदा जल का प्रवाह शुरू हो गया। सरदारपुर से करीब 13 किलोमीटर दूर हातोद व मिंडा क्षेत्र में किसानों ने अपने सूखे खेतों में मां नर्मदा की धारा को उतरते देखा तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
आस्था और उल्लास से अभिभूत किसानों ने नर्मदा जल को नमन कर स्वागत किया। मुख्यमंत्री द्वारा छोड़े गए नर्मदा जल का माही नदी से संगम भी हुआ। दो नदियों यह मिलन और खेतों तक नर्मदा जल का पहुंचना अंचल के लिए ऐतिहासिक पल बन गया। यह दृश्य केवल जल के आगमन का नहीं, बल्कि किसानों की उम्मीदों, आस्था और खुशहाल भविष्य की नई शुरुआत का प्रतीक बना।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं धार में जन्मदिन मनाने के लिए आते हैं। पीएम मित्रा पार्क से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर बनेंगे। धार जिले में करीब छह लाख किसान कपास की खेती करते हैं। कपास से धागा, धागे से कपड़ा और कपड़े से रेडीमेड गारमेंट्स तैयार होंगे। पीथमपुर और पीएम मित्र पार्क के माध्यम से रोजगार बढ़ेगा और आने वाले समय में धार-झाबुआ के लोगों को पलायन करने की आवश्यकता नहीं रहेगी। यहीं रोजगार मिलने से क्षेत्र आगे बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री ने फसल बीमा योजना के तहत वर्ष 2025-26 की राशि दिवाली के पहले 16 लाख 70 हजार किसानों के खातों में अंतरित की जाएगी। इसके लिए 317 करोड़ 86 लाख रुपये की राशि दी जाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि वर्ष 1956 में मध्यप्रदेश के गठन के बाद वर्ष 2002-03 तक प्रदेश में केवल 7.50 लाख हेक्टेयर भूमि पर सिंचाई होती थी। हमारी सरकार 60 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गया है। 100 लाख हेक्टेयर तक ले जाने का लक्ष्य है।
जिले के प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि पूर्व की सरकार नर्मदा का पानी लाने के मामले में कहती थी, असंभव है। जबकि भाजपा व उसके सीएम ने यह संभव कर दिखाया है। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने भी क्षेत्र की मांगें रखीं। उन्होंने माही बांध में पानी छोड़ने तथा राजगढ़ में 50 बिस्तरों का अस्पताल बनाने की मांग की।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया, झाबुआ सांसद अनिता नगर सिंह चौहान, भाजपा जिला अध्यक्ष नीलेश भारती, चंचल पाटीदार, धार विधायक नीना विक्रम वर्मा, पूर्व मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, सरदारपुर विधायक प्रताप ग्रेवाल, भाजपा नेता राकेश पटेल, जिला पंचायत के पूर्व सदस्य कमल यादव और भाजपा नेता नवीन बरनिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं भाजपा नेता उपस्थित रहे।स्वागत भाषण महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने दिया। आभार भाजपा जिला अध्यक्ष नीलेश भारती ने माना।
यह भी पढ़ें- एमपी के 260 गांवों में पानी की कमी होगी दूर... 2,388 करोड़ की परियोजना होगी शुरू; 57,422 हेक्टेयर भूमि होगी सिंचित