
नईदुनिया प्रतिनिधि, धार : इंदौर-दाहोद रेल परियोजना के तहत टीही से धार तक नई रेल लाइन पर ट्रेन दौड़ाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। अब इस रेलखंड पर ट्रेनों की रफ्तार और सुरक्षा व्यवस्था को परखने की बारी है।
पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल द्वारा 30 अक्टूबर से 6 नवंबर तक नवनिर्मित टीही-धार रेलखंड का निरीक्षण और गति परीक्षण किया जाएगा। इस दौरान ट्रेन को 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ाकर भी परीक्षण किया जाएगा।
रेलवे के अनुसार, टीही-धार रेलखंड पर सिविल निर्माण, विद्युतीकरण और सिग्नलिंग से जुड़े कार्य पूरे होने के बाद निरीक्षण किया जा रहा है। 30 अक्टूबर से 6 नवंबर तक सुबह 8 बजे से रात 9 बजे के बीच 130 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से स्पीड ट्रॉयल किया जा सकता है। इस दौरान रेल लाइन पर तेज गति से ट्रेन चलाई जा सकती है।
स्पीड ट्रॉयल को देखते हुए रेलवे ने आमजन से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। 30 अक्टूबर से 6 नवंबर तक सुबह 8 बजे से रात 9 बजे के बीच टीही और धार के बीच रेलवे लाइन के आसपास नहीं जाने और अपने पशुओं को भी वहां नहीं जाने देने की सलाह दी गई है।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने आमजन से रेलवे के सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की बात कही है। ताकि निरीक्षण और गति परीक्षण के दौरान किसी तरह की दुर्घटना न हो।
यह भी पढ़ें- एमपी में रेल यात्रियों के लिए बड़ी सौगात, धार में पहली बार 120 की स्पीड से दौड़ा लोको, आदिवासी अंचल में चलेगी ट्रेन