
नईदुनिया न्यूज, मनावर (धार) : ग्राम लोणी फाटा स्थित वेयरहाउस के समीप गुरुवार दोपहर दो बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइकों के बुरी तरह परखच्चे उड़ गए।
दुर्घटना में दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। घायलों को एंबुलेंस की सहायता से उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
ग्रामीणों से प्राप्त जानकारी के अनुसार जामनिया गवलीपिपलिया निवासी बाला वुत्र मदन चौहान और मदन पुत्र काशीराम दोनों बाइक पर सवार होकर मनावर से घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही लोणी फाटे के पास दूसरी बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
दूसरी बाइक पर जितेंद्र पुत्र मोहनलाल वास्केल और सुनील पुत्र हजारीलाल निवासी लोणी सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइकों की गति और भिड़ंत इतनी तेज थी कि टक्कर के बाद दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना में 55 वर्षीय बाला चौहान व 40 वर्षीय जितेंद्र वास्केल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि मदन व सुनील गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। एंबुलेंस की सहायता से घायलों को अस्पताल तथा मृतकों को निजी वाहन से पुराने स्वास्थ्य केंद्र के पीएम रूम लाया गया। डा. कुलदीप जौहर ने बताया कि घटना में मदन और सुनील को शरीर के साथ ही सिर एवं अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए दोनों को बेहतर उपचार के लिए बड़वानी रेफर किया गया।
इन दिनों गांवों में गणेश उत्सव को लेकर उत्साह का माहौल है। गली-मोहल्लों और अन्य स्थानों पर गणेश मूर्तियों की स्थापना के साथ धार्मिक आयोजन चल रहे हैं। इसी बीच लोणी फाटा पर हुए दुर्घटना की खबर गांवों में पहुंचते ही खुशियों का माहौल अचानक मातम में बदल गया। दोनों मृतकों की मौत की सूचना मिलते ही उनके गांवों में शोक की लहर दौड़ गई।
आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे, जहां शाम को दोनों का पीएम किया गया। पीएम के बाद शव स्वजन को सौंप दिए गए। स्वास्थ्य केंद्र के बाहर मृतकों के स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल था। स्वजन अपनों को खोने के गम में बदहवास नजर आए। देर शाम को शव गांव में पहुंचने के बाद माहौल गमगीन हो गया। स्वजन के साथ ग्रामीणों ने दोनों मृतकों को अंतिम विदाई दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है।
यह भी पढ़ें- तीजा मनाकर लौट रहा परिवार हादसे का शिकार, बलौदा क्षेत्र के भारतमाला रोड पर दंपती की दर्दनाक मौत