
नईदुनिया प्रतिनिधि, धार। 18 वर्षीय युवती की मौत के बाद गुरुवार को मांडू में आक्रोश फूट पड़ा। स्वजन और ग्रामीण शव लेकर मुख्य चौराहे पर पहुंचे और उसे रखकर जाम लगा दिया। उनकी मांग थी कि युवती को प्रताड़ित करने के आरोपितों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर स्वजन माने और जाम समाप्त किया।
दरअसल, मामला मांडू के वार्ड नंबर 12, जामनिया का है। मृतका सोनाली पुत्री शिवराम (18) ने 23 अक्टूबर को जहरीला पदार्थ खा लिया था। उसे धार के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 28 अक्टूबर की रात उसकी मौत हो गई। गुरुवार को घटना से नाराज स्वजन और ग्रामीण सड़क पर उतर आए।
मृतका के पिता शिवराम ने चंदन, उसकी पत्नी राधिका और मां सुमन पर सोनाली को लगातार प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि इसी प्रताड़ना के चलते सोनाली ने यह कदम उठाया। पुलिस ने पिता की रिपोर्ट पर तीनों के खिलाफ बीएनएस की धारा 108 और 3(5) के तहत आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का प्रकरण दर्ज किया है।
यह भी पढ़ें- भोपाल में प्राथमिक शिक्षक अभ्यर्थियों का फूटा गुस्सा... सड़क पर लेटकर किया चक्काजाम, पुलिस से धक्का-मुक्की
गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की घटना की सूचना मिलने पर एसडीएम राजकुमार हलदर और अन्य प्रशासनिक अधिकारी माैके पर पहुंचे और स्वजन से चर्चा की। एसडीएम ने नियमानुसार सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं थाना प्रभारी इंदल सिंह रावत ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर तलाश की जा रही है।