• Jagran.com
  • Jagran Josh
  • Her Zindagi
  • Onlymyhealth
  • Jagran TV
  • Vishvas News
  • Inextlive
मेरी खबरें
  • होम
  • ताजा खबरें
  • मध्यप्रदेश
  • छत्तीसगढ़
  • उत्तर प्रदेश
  • देश
  • धर्म
  • मनोरंजन
  • राशिफल
  • लाइफस्टाइल
  • अन्य
    • बिज़नेस
    • बड़ी खबरें
    • खेल
    • विदेश
    • करियर
    • टॉपिक्स
    • टेक्नोलॉजी
    • शिक्षा
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • राशिफल
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • फटाफट
  • राशिफल
  • वेब स्टोरीज
नईदुनिया ट्रेंडिंग
  • बढ़ता यूपी
  • समृद्ध उत्तराखंड
  • Mutual Funds मास्टरी
  • होम
  • मध्य प्रदेश
  • धार

चार घंटे पहले ही कराया था काम, 10 मिनट में आग का गोला बनी बस, धार में यात्रियों ने खिड़कियों से कूदकर बचाई जान

दाहोद के पास होटल पर चार घंटे तक बस में तकनीकी काम कराया गया। काम पूरा होने के बाद बस सूरत से कानपुर के लिए रवाना हुई, जो सरदारपुर के भोपावर चौकड़ी के...और पढ़ें

By PremVijay PatilEdited By: Ramnath Mutkule
Publish Date: Tue, 25 Aug 2026 05:36:49 PM (IST)Updated Date: Tue, 25 Aug 2026 05:41:53 PM (IST)
चार घंटे पहले ही कराया था काम, 10 मिनट में आग का गोला बनी बस, धार में यात्रियों ने खिड़कियों से कूदकर बचाई जान
सरदारपुर में इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर बस में आग लग गई। (वीडियो ग्रैब)

HighLights

  1. हादसे के बाद चालक हुआ फरार, उत्तर प्रदेश की है बस
  2. दो के पैर में फ्रैक्चर, चार को हल्की चोट
  3. नकदी व जेवरात भी जलकर हो गए खाक

नईदुनिया न्यूज, सरदारपुर (धार) : दाहोद के पास होटल पर चार घंटे तक बस में तकनीकी काम कराया गया। काम पूरा होने के बाद बस सूरत से कानपुर के लिए रवाना हुई, जो सरदारपुर के भोपावर चौकड़ी के पास पहुंचते ही इंजन गर्म होने की आशंका के बीच बस से धुआं उठने लगा। देखते ही देखते पांच से 10 मिनट में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।

बस के अंदर बैठे 50 से 55 यात्रियों के सामने जान बचाने के अलावा कोई रास्ता नहीं था। कुछ यात्री दरवाजे से निकले तो कई ने खिड़कियों के कांच तोड़े और चलती आग से घिरी बस से कूदकर जान बचाई। चालक बस रोककर मौके से फरार हो गया। चार घंटे पहले तकनीकी काम कराने के बाद आखिर ऐसी क्या गड़बड़ी हुई कि बस इतनी तेजी से आग की चपेट में आ गई, ये अब जांच का विषय है।


दो के पैर में फ्रैक्चर, चार को हल्की चोट

जानकारी के मुताबिक मंगलवार रात करीब 1:10 बजे सूरत से कानपुर जा रही बस क्रमांक यूपी 83 बीटी 3947 सरदारपुर के भोपावर चौकी से कुछ दूरी पर पहुंची थी। बस से धुआं निकलते ही यात्रियों में भगदड़ मच गई। आग की लपटें बढ़ने में ज्यादा समय नहीं लगा। हादसे में अभय (20) निवासी कानपुर और कमलेश (29) निवासी नाहापुर, उत्तर प्रदेश के पैर में फ्रैक्चर हुआ। जयकांत (17), रामु (30), निशु (18) और राजा (18) को हल्की चोट आई। सभी छह यात्रियों को एंबुलेंस से सरदारपुर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

नकदी व जेवरात भी जलकर हो गए खाक

कानपुर निवासी नीलम पाल अपने आठ वर्षीय बेटे के साथ बस में सफर कर रही थीं। धुआं बढ़ते ही उन्होंने पहले बेटे को खिड़की से बाहर निकाला और फिर खुद उसी रास्ते से बाहर आईं। उनका बैग बस में ही रह गया, जिसमें नकदी, चांदी की पायजेब, कपड़े और अन्य सामान था। आग में ये सब जल गया। दूसरे यात्रियों के मोबाइल, बैग और कपड़े भी राख हो गए।

दो घंटे से ज्यादा एक तरफ का मार्ग बंद

आग की सूचना मिलते ही एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार और थाना प्रभारी अनिल जाधव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बस में आग इतनी तेज थी कि सुरक्षा के लिए फोरलेन के इंदौर जाने वाले मार्ग को दो घंटे से अधिक समय तक बंद रखना पड़ा।

वाहनों को फोरलेन की दूसरी ओर से निकाला गया। इससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। नगर परिषद राजगढ़ की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बस लगभग पूरी तरह जल चुकी थी। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया। एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

इंजन गर्म हुआ तो लगी आग, लेकिन असली कारण अभी जांच में

थाना प्रभारी अनिल जाधव ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर इंजन गर्म होने से आग लगने की आशंका सामने आई है। हालांकि आग की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस बस नंबर के आधार पर उसके मालिक की जानकारी जुटा रही है। बस मालिक उत्तर प्रदेश का बताया जा रहा है। सरदारपुर थाने में फिलहाल किसी यात्री ने प्रकरण दर्ज नहीं कराया है। पुलिस आग लगने के कारण के साथ ही चालक के मौके से भागने की भी जानकारी जुटा रही है।

यात्रियों को दूसरी बसों से भेजा आगे

हादसे के बाद इंदौर की ओर जाने वाली यात्री बसों को रुकवाया गया। पुलिस और प्रशासन ने यात्रियों को उनके गंतव्य के अनुसार अलग-अलग बसों में बैठाकर आगे रवाना कराया। करीब 50 से 55 यात्रियों से भरी बस के पूरी तरह जल जाने से सामान के नुकसान का अभी आकलन नहीं हो पाया है।

यह भी पढ़ें- भोपाल के चौक बाजार में डिजाइनर स्टूडियो में आग, महंगे लहंगे-साड़ियां जलकर खाक... फायर हाइड्रेंट बंद होने पर उठे सवाल