• Jagran.com
  • Jagran Josh
  • Her Zindagi
  • Onlymyhealth
  • Jagran TV
  • Vishvas News
  • Inextlive
मेरी खबरें
  • होम
  • ताजा खबरें
  • मध्यप्रदेश
  • छत्तीसगढ़
  • उत्तर प्रदेश
  • देश
  • धर्म
  • मनोरंजन
  • राशिफल
  • लाइफस्टाइल
  • अन्य
    • बिज़नेस
    • बड़ी खबरें
    • खेल
    • विदेश
    • करियर
    • टॉपिक्स
    • टेक्नोलॉजी
    • शिक्षा
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • राशिफल
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • फटाफट
  • राशिफल
  • वेब स्टोरीज
नईदुनिया ट्रेंडिंग
  • बढ़ता यूपी
  • समृद्ध उत्तराखंड
  • Mutual Funds मास्टरी
  • होम
  • मध्य प्रदेश
  • धार

टीही-धार के 46 किमी रेलखंड पर अंतिम दौर का काम तेज, सुरंग का आखिरी 112 मीटर का काम बाकी

धार को इंदौर से रेल मार्ग से जोड़ने की दिशा में अब तस्वीर तेजी से बदल रही है। टीही-पीथमपुर के बीच बनी करीब तीन किमी लंबी सुरंग का काम अंतिम दौर में पह...और पढ़ें

By PremVijay PatilEdited By: Ramnath Mutkule
Publish Date: Sun, 04 Oct 2026 05:39:29 PM (IST)Updated Date: Sun, 04 Oct 2026 05:39:29 PM (IST)
टीही-धार के 46 किमी रेलखंड पर अंतिम दौर का काम तेज, सुरंग का आखिरी 112 मीटर का काम बाकी
टीही-धार के 46 किमी रेलखंड पर अंतिम दौर का काम जारी है।-नईदुनिया

HighLights

  1. अब धार तक ट्रेन की सुरक्षा जांच पर नजर
  2. रेलवे अधिकारी रोज कर रहे निरीक्षण
  3. 29-30 अक्टूबर को सुरक्षा आयुक्त के निरीक्षण की तैयारी

नईदुनिया, प्रतिनिधि, धार : धार को इंदौर से रेल मार्ग से जोड़ने की दिशा में अब तस्वीर तेजी से बदल रही है। टीही-पीथमपुर के बीच बनी करीब तीन किमी लंबी सुरंग का काम अंतिम दौर में पहुंच गया है। 3 अक्टूबर की प्रगति रिपोर्ट के अनुसार 2,957 मीटर लंबी सुरंग में 2,845 मीटर में बिना गिट्टी वाली पटरी बिछाने का काम पूरा हो चुका है। अब सिर्फ 112 मीटर का काम बाकी है। सुरंग की लाइनिंग पहले ही पूरी हो चुकी है। इस महत्वपूर्ण काम के अंतिम चरण में पहुंचते ही रेलवे ने टीही से धार तक पूरे रेलखंड पर निगरानी और निरीक्षण बढ़ा दिया है।

बता दें कि रेलवे अधिकारी लगातार मौके पर पहुंचकर ट्रैक, पुल-पुलिया, स्टेशन, विद्युतीकरण, संकेत व्यवस्था सहित तकनीकी कार्यों की स्थिति देख रहे हैं। शनिवार को भी रेलखंड का निरीक्षण किया गया। आने वाले दिनों में भी निरीक्षण जारी रहने की संभावना है, ताकि सुरक्षा जांच से पहले बचे हुए छोटे-बड़े काम पूरे कराए जा सकें।


अब रेलवे की सबसे बड़ी नजर 29 और 30 अक्टूबर को प्रस्तावित रेलवे सुरक्षा आयुक्त के निरीक्षण पर है। टीही से धार के करीब 46 किमी रेलखंड के साथ पीथमपुर, सागौर, गुणावद और धार चार नए स्टेशन भी इस प्रक्रिया में शामिल हैं। सुरक्षा जांच में रेल परिचालन से जुड़े तकनीकी और सुरक्षा मानकों को परखा जाएगा। स्वीकृति मिलने के बाद यात्री रेल सेवा शुरु करने की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।

दीपावली से पहले जांच कराने की तैयारी

रेलवे का प्रयास है कि सुरक्षा आयुक्त का निरीक्षण दीपावली से पहले हो जाए। इससे जांच के दौरान यदि किसी हिस्से में सुधार या अतिरिक्त काम की जरूरत सामने आती है तो उसे समय रहते पूरा किया जा सकेगा। रेलवे की कोशिश है कि सुरक्षा जांच में कोई बड़ी बाधा न आए और धार को इंदौर से जोड़ने की प्रक्रिया आगे बढ़े। हालांकि निरीक्षण की तारीख सुरक्षा आयुक्त की उपलब्धता पर भी निर्भर करेगी। इसी कारण निर्माण विभाग से लेकर मैदानी अमले तक बचे कामों को समय पर पूरा कराने पर जोर है।

सुरंग में सुरक्षा के भी इंतजाम

टीही और पीथमपुर के बीच बनी यह सुरंग इस रेलखंड का सबसे अहम निर्माण कार्य है। करीब 2.97 किमी लंबी इसे मध्यप्रदेश की सबसे लंबी रेलवे सुरंग बताया गया है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए निगरानी कैमरे, सार्वजनिक सूचना व्यवस्था और आपातकालीन सहायता के इंतजाम किए गए हैं। आपात स्थिति में बाहर निकलने के लिए बचाव मार्ग भी बनाए गए हैं। बिना गिट्टी वाली पटरी से स्थिरता बनाए रखने और कंपन कम करने में मदद मिलेगी। जल निकासी सहित अन्य निर्माण कार्य भी प्रगति पर हैं।

46 किमी रेलखंड पर अंतिम तैयारी

टीही से धार तक ट्रैक, पुल-पुलिया, विद्युतीकरण, संकेत व्यवस्था और चारों स्टेशनों के काम अंतिम चरण में हैं। रेलवे तकनीकी परीक्षण भी कर चुका है। सुरक्षा स्वीकृति के बाद नियमित यात्री सेवा की राह खुलेगी। इंदौर-दाहोद परियोजना की कुल लंबाई 204.76 किमी है।

धार तक रेल पहुंचने के बाद मार्ग सरदारपुर, झाबुआ होते हुए दाहोद से जुड़ेगा। इससे धार को पहली बार इंदौर से सीधा रेल संपर्क मिलेगा और यात्रियों के साथ औद्योगिक, व्यापारिक व पर्यटन गतिविधियों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। अब अगले कुछ सप्ताह निर्णायक हैं। सुरंग का अधिकांश काम पूरा हो चुका है और निगाहें बचे 112 मीटर, अंतिम तकनीकी कामों तथा सुरक्षा आयुक्त की जांच पर टिकी हैं। स्वीकृति मिली तो धार-इंदौर रेल सेवा शुरु होने की दिशा में बड़ा कदम पूरा हो जाएगा।

यह भी पढ़ें- एमपी में रेल यात्रियों के लिए बड़ी सौगात, धार में पहली बार 120 की स्पीड से दौड़ा लोको, आदिवासी अंचल में चलेगी ट्रेन