
Dindori News : नईदुनिया प्रतिनिधि, डिंडौरी। जिले के समनापुर जनपद अंतर्गत ग्राम बुडरूखी क्षेत्र में पदस्थ इंजीनियर गिरवर डहेरिया का रिश्वत से जुड़ा आडियो इंटरनेट मीडिया में वायरल होने और पीडि़त की शिकायत के बाद कलेक्टर विकास मिश्रा ने गंभीरता से लेते हुए नोटिस जारी किया है। इंजीनियर को जारी नोटिस के आधार पर तीन दिन में जवाब देना है।
कलेक्टर ने नईदुनिया से चर्चा के दौरान बताया कि मामला गंभीर है। इस तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं होगी। जवाब संतोषजनक न होने पर संबंधित इंजीनियर को सेवा से बर्खास्त करने की कार्रवाई की जाएगी। बताया गया कि इस मामले की शिकायत शिखरचंद राठौर द्वारा कलेक्टर से लिखित रूप से की गई है। बताया गया कि कार्य का मूल्यांकन करने के साथ टीएस कराने के नाम पर उससे 50 हजार की रिश्वत मांगी गई थी।
पीडित ने बताया कि उसने दस हजार 21 जनवरी को आनलाइन भुगतान किया था। इस संबंध में इंजीनियर गिरवर डहेरिया ने बताया कि शिकायतकर्ता लगातार उसे उकसाकर धमकी दे रहा था। इसी के चलते उसने कुछ गुस्से में कह दिया होगा। इंजीनियर ने बताया कि दस हजार रूपये यूपीआई से देने की बात कही जा रही है। संबंधित राशि मेरे द्वारा पोल का भाड़ा दिया गया था उसी का भुगतान उसे किया गया है।