
नईदुनिया प्रतिनिधि, डिंडौरी। किसान कल्याण व कृषि विकास विभाग द्वारा रबी सीजन अंतर्गत नगद बीज वितरण योजना के तहत जिले के सभी विकासखंडों में चना व मसूर बीज का भंडारण पूर्ण कर लिया गया है। योजना के माध्यम से किसानों को निर्धारित अनुदान पर प्रमाणित बीज उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे किसान रबी फसलों की बोवनी के लिए समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज प्राप्त कर सकेंगे।
योजना के अंतर्गत मसूर बीज की 5 वर्ष से अधिक अवधि वाली किस्मों पर 75 प्रतिशत अथवा 9000 रुपये प्रति क्विंटल, जो भी कम हो, अनुदान दिया जाएगा। शासन द्वारा मसूर बीज की निर्धारित विक्रय दर 108 रुपये प्रति किलोग्राम रखी गई है। इसमें 81 रुपये प्रति किलोग्राम अनुदान व मात्र 27 रुपये प्रति किलोग्राम कृषक अंश निर्धारित किया गया है। इसी प्रकार चना बीज की 5 वर्ष तक की अवधि वाली किस्मों पर 75 प्रतिशत अथवा 6000 रुपये प्रति क्विंटल, जो भी कम हो, अनुदान दिया जाएगा।
चना बीज की निर्धारित विक्रय दर 88.40 रुपये प्रति किलोग्राम है, जिसमें 60 रुपये अनुदान व 28.40 रुपये प्रति किलोग्राम कृषक अंश किसानों को देना होगा। चना बीज की 5 वर्ष से अधिक अवधि वाली किस्मों पर 50 प्रतिशत अथवा 4000 रुपये प्रति क्विंटल, जो भी कम हो, अनुदान निर्धारित किया गया है।
इस श्रेणी में किसानों को 40 रुपये प्रति किलोग्राम अनुदान मिलेगा और 48.40 रुपये प्रति किलोग्राम कृषक अंश के रूप में भुगतान करना होगा। किसान योजना का लाभ लेने व अपने विकासखंड में बीज की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त करने के लिए संबंधित कृषि विभाग के कार्यालय अथवा कृषि विस्तार अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।