
नईदुनिया प्रतिनिधि, डिंडौरी। जिले शहपुरा तहसील कार्यालय में पदस्थ बाबू पुरुषोत्तम परस्ते उम्र 55 वर्ष निवासी ग्राम बरबसपुर का शव सोमवार को लोकसेवा केंद्र के पास स्थित उनके सरकारी आवास के एक कमरे में पंखे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही शहपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
बताया गया कि पुरुषोत्तम परस्ते शहपुरा तहसील कार्यालय में बाबू के पद पर पदस्थ थे। वह लोकसेवा केंद्र के पास स्थित मकान में रहते थे।
सोमवार को घर के कमरे में उनका शव मिलने की जानकारी सामने आई। घटना के बाद आसपास के लोगों में भी हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों को भीड़ लग गई। सूचना मिलने पर शहपुरा थाना पुलिस के साथ तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद आवश्यक कार्रवाई शुरू की। परिजन भी पहुंच गए। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की गई तथा मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल पुरुषोत्तम परस्ते के फांसी लगाने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
पुलिस द्वारा परिजनों और परिचितों से जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही घटनास्थल से मिले तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। घटना की जानकारी से तहसील कार्यालय के कर्मचारियों और परिचितों में शोक का माहौल है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में 8 अक्टूबर से आयुष्मान कार्ड से नहीं होगा उपचार, कई कारण आ रहे सामने