
डिंडौरी। जिले के मेंहदवानी जनपद के महिला बाल विकास परियोजना कार्यालय में पदस्थ एक लिपिक पर जनपद क्षेत्र ग्राम मटियारी की एक महिला ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के पद पर नियुक्ति कराने के नाम पर पांच हजार रुपये नगद व एक मुर्गा रिश्वत के तौर पर लेने का आरोप लगाकर सबको हैरान कर दिया है।
महिला शिकायत करने कलेक्ट्रेट आई थी उसी बीच महिला की मुलाकात विधायक ओमप्रकाश धुर्वे से हो गई। महिला ने जब अपनी पीड़ा विधायक को बताई तो विधायक ने तत्काल संबंधित लिपिक को भी कार्यालय तलब कर लिया। फिर क्या था कार्यालय में ही महिला और लिपिक के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया जो लंबे समय तक चलता रहा।
कुछ देर बाद जब लिपिक यह समझ गया कि मामला बिगड़ सकता है तो उसने पांच हजार रुपये व एक मुर्गा लेना स्वीकार करते हुए उसे वापस करने का भी आश्वासन महिला को दे दिया।
लौटाई बेईमानी की रकम
मेंहदवानी की महिला बाल विकास कार्यालय में पदस्थ लिपिक भारत लाल विश्वकर्मा की ईमानदारी ने उस समय सबको हैरान कर दिया जब उसने विधायक समेत कई लोगों के सामने एक महिला से रिश्वत की रकम पांच हजार रुपये और मुर्गा को वापस लौटाने की बात कही।
बताया गया कि एक माह पूर्व मटियारी गांव की शकुनबाई नामक महिला से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की नियुक्ति के नाम पर एक मुर्गा और पांच हजार रुपये लिए थे, लेकिन रिश्वत देने के बाद भी इस महिला को नौकरी नहीं मिली। महिला ने अपनी आपबीती जब शहपुरा के विधायक ओमप्रकाश धुर्वे को बताई तो विधायक ने बाबू को बुलाकर महिला से ली गई, रिश्वत की रकम और एक मुर्गे की जगह दो मुर्गे वापस करने की सलाह देते हुए मामला का निपटारा कर दिया।