मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले में तिरंगा रैली में बच्चों से लगवाए नारे- 'राहुल गांधी होश में आओ, सोनिया गांधी इटली जाओ'
मध्य प्रदेश के डिंडारी जिले में सोमवार को निकाली गई तिरंगा रैली में लगाए गए नारों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।
Publish Date: Tue, 18 Aug 2026 06:04:21 PM (IST)Updated Date: Tue, 18 Aug 2026 06:06:01 PM (IST)
HighLights
- तिरंगा रैली सावरकर शिशु विद्या मंदिर द्वारा आयोजित की गई थी
- भाजपा ने युवा कांग्रेस के आरोपों को निराधार बताया
- वायरल वीडियो व अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही पुलिस
नईदुनिया प्रतिनिधि, डिंडौरी। मध्य प्रदेश के डिंडारी जिले में सोमवार को निकाली गई तिरंगा रैली में लगाए गए नारों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। रैली में "वंदे मातरम का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान", "राहुल गांधी होश में आओ", "सोनिया गांधी इटली जाओ" जैसे नारे लगाए गए। इसका वीडियो भी बहुप्रसारित है।
युवा कांग्रेस डिंडौरी विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष शनि साहू ने देर शाम गाड़ासरई थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।
तिरंगा रैली सावरकर शिशु विद्या मंदिर द्वारा आयोजित की गई थी
शनि साहू का कहना है कि तिरंगा रैली सावरकर शिशु विद्या मंदिर द्वारा आयोजित की गई थी और इसमें नारे स्कूली छात्र-छात्राओं से लगवाए गए हैं। उन्होंने नारे लगाने वाले लोगों की पहचान कर एफआइआर दर्ज करने की मांग की है।
भाजपा ने युवा कांग्रेस के आरोपों को निराधार बताया
वहीं इस मामले में भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम ने कहा कि ऐसा कुछ नहीं हुआ है। उन्होंने युवा कांग्रेस के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा देशभक्ति का प्रतीक थी, इसमें किसी भी प्रकार की राजनीति नहीं की गई। उधर, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो व अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।