डिंडौरी में बदहाल शिक्षा, बिना भवन के खुले आसमान के नीचे पढ़ने को मजबूर बच्चे
डिंडौरी के पाटनगढ़ माल में प्राइमरी स्कूल भवन टूटने से 37 बच्चे खुले आसमान के नीचे या पंचायत भवन में पढ़ने को मजबूर हैं। अभिभावकों ने जल्द नया भवन बनाने की मांग की है।
Publish Date: Sun, 15 Nov 2026 02:51:49 PM (IST)Updated Date: Sun, 15 Nov 2026 02:51:49 PM (IST)
डिंडौरी में बदहाल शिक्षा। (नईदुनिया)HighLights
- बिना भवन के संचालित हो रहा है प्राइमरी स्कूल।
- 37 बच्चे खुले आसमान के नीचे पढ़ने को मजबूर।
- बारिश और कीड़े-मकोड़ों का हमेशा बना रहता है डर।
नईदुनिया प्रतिनिधि, डिंडौरी। जिले के करंजिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पाटनगढ़ माल स्थित शासकीय प्राइमरी स्कूल बिना भवन के संचालित हो रहा है। पुराना जर्जर हो चुका भवन प्रशासनिक आदेश पर यहां के डिस्मेंटल कर गिरा दिया गया था। इसके बाद भवन निर्माण के लिए क्या पहल की जा रही है, इसकी जानकारी सामने नहीं आ सकी है।
स्कूल में वर्तमान में कक्षा एक से पांच तक 37 बच्चों को एक साथ खुले आसमान के नीचे जमीन में बैठाकर मजबूरी में अध्ययन कराया जा रहा है। हालांकि जब कभी पंचायत भवन खाली रहता हैं तो बच्चे यहीं बैठते हैं, लेकिन ग्राम पंचायत में आमसभा, ग्रामसभा या कोई आयोजन किया जाता हैं, तब इन छात्र छात्राओं को सर्दी, गर्मी बरसात मौसम कोई भी हो खुले मैदान में ही बैठना पड़ता हैं। इस स्थिति को लेकर अभिभावक चिंतित रहते हैं।
विद्यार्थियों की पढाई हो रही प्रभावित
- स्कूल के छात्र छात्राओं का कहना हैं कि बरसात का मौसम उनके लिए अधिक कष्टदायक होता हैं। कभी तो ऐसा भी होता हैं कि पंचायत के भवन में भी बैठने नहीं मिलता। इस चक्कर में स्कूल की छुट्टी कर दी जाती हैं। कक्षा चार की छात्रा ने बताया कि क्लास लगने के दौरान जहरीले कीडों का डर भी बना रहता है। कक्षा पांचवीं के छात्र छात्राओं ने बताया कि उन्हें पढ़ना हैं लेकिन स्कूल में व्यवस्थाओं की बेहद कमी हैं।
- जहां खुले में बैठते हैं चारों तरफ झाड़ियां ही झाड़ियां हैं। ऐसे में उन्हें कीड़े मकोड़ों का डर हमेशा सताता है। दूसरा विकल्प नहीं होने से मजबूरी ही सही यहीं पढ़ने आते हैं। स्कूल के अन्य विद्यार्थियों ने बताया कि हाइवे किनारे स्कूल होने से दिनभर वाहनों की आवाजाही और तेज हार्न से मन भटक जाता हैं। इस फेर में पढ़ाई प्रभावित हो रहा हैं।
भविष्य से न किया जाए खिलवाड़
- बच्चों के अभिभावकाें ने शासन प्रशासन से अपील की हैं कि बच्चों के लिए स्थाई स्कूल भवन सहित मूलभूत सुविधाओं का तत्काल इंतजाम किए जाना चाहिए। बच्चों का भविष्य किसी भी योजना या प्रक्रिया से अधिक महत्वपूर्ण है। शिक्षा का अधिकार केवल कागजों पर नहीं, जमीन पर दिखाई देना चाहिए।
- यदि इस संबंध में शीघ्र ध्यान नहीं दिया गया, तो बच्चों में शिक्षा के प्रति अरुचि बढ़ सकती है। वैसे भी कई अभिभावक पहले से ही अपने बच्चों को निजी स्कूलों में भेजने का विचार कर रहे हैं। ऐसे में ग्रामीण इलाकों में शिक्षा की स्थिति और भी चुनौतीपूर्ण हो जाएगी।
बिना दरवाजे का शौचालय
- स्थानीय अभिभावकों का कहना है कि इस स्कूल के बालक शौचालय में दरवाजा नहीं हैं। फिलहाल कामचलाऊ व्यवस्था बनाते हुए कपड़े से आड़ कर कर दी गई है। अधिकांश समय बच्चे टूटे फूटे फर्श पर बैठकर पढ़ते हैं। सबसे अधिक परेशानी बारिश के दिनों में झेलनी पडती है।
- स्कूल में न पंखे की सुविधा है और न बिजली की सही व्यवस्था। ऐसे हालातों में शिक्षा की गुणवत्ता तो बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं। ग्रामवासियों और पालकों का कहना है कि उन्होंने कई बार इस विषय में जनपद शिक्षा केंद्र, पंचायत सचिव और जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन दिया, लेकिन कोई ठोस पहल होती नजर नहीं आ रही है।
बच्चों के हित में बनाएंगे उचित व्यवस्था
यह मामला अभी मेरे संज्ञान में आया हैं। इस संबंध में विभागीय अधिकारियों से चर्चा कर बच्चों के हित में उचित व्यवस्था बनाने की पहल की जाएगी। राजू उद्दे अध्यक्ष, जनपद पंचायत करंजिया।
वाकई समस्या गंभीर हैं। इस समस्या को मैंने शासन प्रशासन स्तर पर रखा हैं। हम व्यवस्था बनाने की दिशा में प्रयासरत हैं। जल्द ही निराकरण होगा। गीता पट्टा, ब्लॉक शिक्षा समिति अध्यक्ष व उपाध्यक्ष जनपद करंजिया।