शहपुरा। थाना मुख्यालय शहपुरा से 4 किमी दूर बरखेड़ा आश्रम के पास गुरुवार की शाम लगभग 5 बजे इनोवा व बस में हुई भिड़ंत में पांच लोग घायल हो गए। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। शहपुरा पुलिस ने बताया कि डिंडौरी से जबलपुर जा रही रोहाणी ट्रैवल्स की बस क्रमांक एमपी 20 पीए 1500 व जबलपुर से शहडोल जा रही इनोवा वाहन क्रमांक एमपी 20 बीए 1577 में आमने सामने भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में कुल 5 लोग घायल हो गए, जिनमें से राजीव डोगरे (58) को गंभीर चोटें आई हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र शहपुरा में प्राथमिक उपचार के बाद घायल को जबलपुर रेफर कर दिया गया। ओवरटेक करने के प्रयास में यह हादसा हुआ। इस दौरान डिंडौरी-जबलपुर मार्ग आधे घंटे तक बंद रहा।
बताया गया कि, दुर्घटना में महेन्द्र सिंह ठाकुर (47), कृष्ण कुमार सोनी (40), मनोज विश्वकर्मा सहित एक अन्य सभी निवासी जबलपुर को भी चोटें आई हैं, जिनका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र शहपुरा में किया जा रहा है। पुलिस ने बस को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कराया है।
शादी में जा रहा था परिवार
मिली जानकारी अनुसार इनोवा में सवार परिवार अपने नजदीकी रिश्तेदार की शादी में शामिल होने शहडोल जा रहा था, लेकिन दुर्घटना का शिकार हो गए। प्रत्यदर्शियों ने बताया कि जबलपुर जा रही बस के चालक द्वारा अंधे मोड़ में ट्रक को ओवरटेक करने के चलते हादसा हो गया।
108 मौके पर नहीं पहुंची
बताया गया कि दुर्घटना के बाद घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तक पहुंचाने के लिए कॉल करने के बाद भी 108 एंबुलेंस नहीं पहुंची। पुलिस थाना के वाहन से पुलिस द्वारा घायलों को शहपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया गया। दुर्घटना के बाद से लगभग आधे घंटे तक डिंडौरी-जबलपुर मार्ग में जाम लगा रहा। पुलिस द्वारा दुर्घटनाग्रस्त वाहन को अलग कराया गया। उसके बाद वाहनों की आवाजाही शुरू हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दिया है।