
डिंडौरी। डिंडौरी के महिला बाल विकास जिला अधिकारी मनोज लारोकर पर कोतवाली पुलिस ने 40 वर्षीय महिला की शिकायत पर दुराचार का मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है। समनापुर थाना क्षेत्र के एक गांव की निवासी पीड़ित महिला ने आरोप लगाया कि आंगनवाड़ी में नौकरी लगाने का झांसा देकर उसके साथ पिछले 4 माह से दुराचार किया जा रहा था। वहीं आरोपित ने शिकायत को झूठा बताते हुए कहा कि उन्हें साजिश के तहत फंसाया जा रहा है।
कोतवाली प्रभारी वर्षा पटेल ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। शनिवार शाम आरोपित के विरुद्ध मारपीट के साथ जान से मारने की धमकी और लालच देकर दुराचार करने का मामला दर्ज किया है। जानकारी मिलते ही रविवार को दिनभर कोतवाली में विभागीय अधिकारी, कर्मचारियों का जमावड़ा लगा रहा।
अधिकारी के घर 6 माह से बना रही थी खाना
पीड़ित महिला ने शिकायत में आरोप लगाया कि वह 6 माह से आरोपित के यहां खाना बनाने का कार्य कर रही थी। आंगनवाड़ी में नौकरी दिलाने का लालच देकर चार माह पहले एक अप्रैल 2018 को उसने अवैध संबंध बनाए। यह सिलसिला कई दिन तक चला। 19 जुलाई को सुबह साढ़े 7 बजे जब उसने नौकरी लगवाने की बात कही तो उसके साथ मारपीट कर आरोपित द्वारा सिर के बाल पकड़कर दरवाजे में पटक दिया। तब पीड़िता ने पूरी घटना अपनी बहन को बताई और कोतवाली शिकायत दर्ज कराने पहुंची।