
नईदुनिया प्रतिनिधि, डिंडौरी। मस्जिद में नमाज पढ़ने गए डिंडौरी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जावेद इकबाल के भाई डॉ. जफर खान की मस्जिद में बंद कर चार लोगों द्वारा पिटाई करने का बड़ा मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। शिकायत में पीड़ित डॉ. जफर खान पिता डॉ. इकबाल खान (44 वर्ष) निवासी सुबखार ने बताया कि सोमवार को दोपहर 1.50 बजे वे जब मस्जिद में नमाज पढ़ने गए तो हाफ शर्ट पहनकर नमाज पढ़ने की बात को लेकर इमरान खान वाद-विवाद करने लगा। पीड़ित ने जब यह कहा कि हाफ शर्ट पहनकर नमाज न पढ़ने का कोई नियम नहीं है, तब इमरान खान उर्फ शीबू पिता नियाज खान द्वारा वाद-विवाद किया गया।
इस दौरान मोंटी व मिंटू दोनों पिता बहाव खान उर्फ मुन्ना और मुजीब खान ने आकर पीड़ित को पकड़ लिया। आरोप है कि चारों ने मिलकर पाइप से मस्जिद के अंदर ही मारपीट की। पीड़ित डॉ. जफर खान स्वास्थ्य विभाग में क्षय रोग जिला कोआर्डिनेटर के पद पर पदस्थ हैं। उन्होंने बताया कि वे उस दौरान ड्यूटी में थे। उनके आवश्यक दस्तावेज भी फाड़ दिए गए हैं। इस मामले में देर शाम दूसरा पक्ष भी कोतवाली पहुंचा। पुलिस ने इस मामले में आवश्यक कार्यवाही शुरू कर दी है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जावेद इकबाल के भाई के साथ मस्जिद में बंद कर पिटाई करने के मामले ने राजनीतिक रूप भी ले लिया। पहले समझाइश का प्रयास किया गया, लेकिन पीड़ित द्वारा आवश्यक कार्यवाही की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
महज हाफ शर्ट पहनकर नमाज पढ़ने की बात को लेकर डॉक्टर की पिटाई का मामला गहरा गया है। सूचना मिलने पर डिंडौरी विधायक कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने भी आवश्यक कार्यवाही करने की बात कही। पीड़ित ने डंडे से मारपीट करने, मौजूद शासकीय दस्तावेज फाड़ने के साथ पैसा छीन लेने के भी आरोप लगाए हैं। पूरा विवाद जिला मुख्यालय के कृषि उपज मंडी के पास स्थित मस्जिद का है। पुलिस द्वारा मस्जिद के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है। चार आरोपितों के विरुद्ध पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पीड़ित ने बताया कि चारों आरोपितों द्वारा उसके साथ गंदी-गंदी गालियां देते हुए मारपीट की गई, जिससे उनके नाक, सिर, माथा और सीने में भी चोट आई है। पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी आरोपितों द्वारा दी गई। इस मामले में दूसरे पक्ष द्वारा भी आरोप-प्रत्यारोप लगाए गए। उनके द्वारा आरोपों को निराधार बताया गया। एक ही समुदाय के बीच मस्जिद में हुए बड़े विवाद का मामला चर्चा का विषय बना रहा।
स्वास्थ्य विभाग में पदस्थ डॉ. जफर खान द्वारा की गई शिकायत पर चार आरोपितों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है। इसकी विवेचना की जा रही है। जो भी तथ्य और सामने आएंगे उस आधार पर धाराएं और बढ़ सकती हैं। - दुर्गा प्रसाद नगपुरे, कोतवाली प्रभारी डिंडौरी
यह भी पढ़ें- बोको हराम का खौफ... नाइजीरिया के पुलिस कमिश्नर ने जान बचाने के लिए बेटे को भेजा था इंदौर, अब हुआ डिपोर्ट