
नईदुनिया प्रतिनिधि, डिंडौरी। जिले के शहपुरा विकासखंड क्षेत्र में गुरुवार रात से लगातार तेज बारिश हो रही है। भारी बारिश के चलते क्षेत्र की नदी-नाले उफान पर आ गए हैं और जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। इसी दौरान शुक्रवार की सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
बस्तरा मार्ग में कसा नदी में बने पुल के ऊपर पानी बहने के बावजूद तीन युवक कार निकालने का जोखिम उठा बैठे। तेज बहाव में कार बह गई।
कार में सवार तीनों युवकों ने सूझबूझ दिखाते हुए चलते वाहन से छलांग लगा दी और तैरकर अपनी जान बचाई। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
लगातार बारिश से जनपद मुख्यालय शहपुरा में भी हालात बिगड़ गए हैं। जगह-जगह जलभराव हो गया है। मुख्य मार्ग पर पानी भरने से आवागमन प्रभावित हुआ है। शहर की पेयजल सप्लाई के लिए लगाई गई मुख्य पाइपलाइन भी तेज बहाव में बह गई है। इससे पेयजल संकट की आशंका बढ़ गई है।
नदी-नालों का जलस्तर लगातार बढ़ने पर प्रशासन अलर्ट हो गया है। जिला प्रशासन ने एहतियातन नदी-नालों के पास पुलिस बल तैनात कर दिया है। लोगों को पुल-पुलिया पार न करने की हिदायत दी जा रही है।
एसडीएम ने राजस्व और पुलिस टीम को लगातार मॉनिटरिंग के निर्देश दिए हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में और तेज बारिश की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों से दूर रहने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है।
यह भी पढ़ें- 15 दिन देरी से आया मानसून बरसने को बेताब, जबलपुर व संभाग के जिलों में रुक-रुककर करते रहेंगे बारिश