
नईदुनिया प्रतिनिधि, डिंडौरी। डिंडौरी भाजपा जिला संगठन के साथ भाजपा के जनप्रतिनिधियों ने प्रभारी मंत्री प्रतिभा बागरी से पूरी तरह दूरी बना ली है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित पुलिस परेड ग्राउंड में मुख्य समारोह के दौरान प्रभारी मंत्री मंच पर अकेली ही नजर आई, उनके साथ न तो कोई बीजेपी का जनप्रतिनिधि शामिल हुआ और न ही भाजपा जिला संगठन के नेता।
गौरतलब है कि लंबे समय से प्रभारी मंत्री और भाजपा नेताओं के बीच दूरी बनी है। जिला संगठन के नेता प्रदेश संगठन से भी प्रभारी मंत्री की शिकायत कर चुके हैं। आरोप लगाया जा रहा है कि प्रभारी मंत्री भाजपा नेताओं की नहीं सुनती। इसी बात को लेकर जिला संगठन के नेताओं ने नाराजगी है। प्रभारी मंत्री को ध्वजारोहण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शासन ने नियुक्त किया था।

गुरुवार की रात लगभग एक बजे प्रभारी मंत्री डिंडौरी पहुंची। तब भी कोई भाजपा संगठन का नेता मौजूद नहीं था। उनसे मिलने भी संगठन के नेता नहीं गए और मुख्य कार्यक्रम में दूरी बनाने के चलते भी स्पष्ट तौर पर विवाद सामने आ गया। इस मामले में आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। भाजपा के नेताओं ने जिला भाजपा कार्यालय के सामने ही ध्वजारोहण किया और कोई भी मंत्री के साथ कार्यक्रम में शामिल होने नहीं पहुंचा।

बताया गया कि जिले में अधिकारी-कर्मचारियों के स्थानांतरण के बाद से मंत्री की भूमिका को लेकर लगातार जिला संगठन के नेता सवाल उठा रहे हैं। उसकी नाराजगी भी अब देखी जा रही है। इस बार प्रभारी मंत्री का कार्यक्रम भी इसी के चलते बहुत संक्षिप्त बताया गया।