
नईदुनिया प्रतिनिधि, डिंडौरी/शहपुरा। जिले के शहपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सरई माल में दीपावली पर्व के दौरान एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। यहां स्थित सरई जलाशय में नहाने गईं तीन नाबालिग बच्चियों में से दो की गहरे पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीसरी बच्ची किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाने में सफल रही। त्योहार के दिन हुए इस हादसे से दो परिवारों की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।
एएसआई विपिन जोशी ने बताया कि सोमवार की दोपहर गांव की राजनंदिनी परस्ते 10 वर्ष, दानेश्वरी गोलिया 13 वर्ष और प्रीति परस्ते 10 वर्ष तीनों बच्चियां सरई जलाशय में नहाने के लिए गई थीं। इसी दौरान वे गहरे पानी की ओर चली गईं और दानेश्वरी और प्रीति पानी में डूब गईं।
इस बीच राजनंदिनी किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से जलाशय में तलाश अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चियों के शव जलाशय से बरामद किए गए। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।
दीपावली का त्योहार जहां पूरे क्षेत्र में रोशनी, उमंग और खुशियों के साथ मनाया जा रहा था, वहीं ग्राम सरई माल में इस दर्दनाक घटना ने उत्सव की खुशियों को मातम में बदल दिया। जिन घरों में दीपावली की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां मासूम बच्चियों की मौत से चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक साथ दो मासूम जिंदगियों के असमय चले जाने से पूरे गांव में शोक की लहर है। गांव में त्योहार की रौनक की जगह अब मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है।
इस हृदयविदारक हादसे ने एक बार फिर जलाशयों, तालाबों और गहरे जलभराव वाले स्थानों पर बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों को ऐसे स्थानों पर जाने से रोकने और जलाशयों के आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। दीपावली जैसे पावन पर्व पर दो मासूम बच्चियों की मौत ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया। प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद रही और आगे की जांच जारी है।