
नईदुनिया प्रतिनिधि, डिंडौरी। डिंडौरी जिले के जनपद मेहंदवानी की ग्राम पंचायत सारंगपुर के पोषक ग्राम कनेरी में बुधवार की सुबह ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं ने चक्काजाम कर दिया। सड़क निर्माण की मांग को लेकर हुए इस चक्काजाम से कनेरी रैयत में मेंहदवानी-शहपुरा स्टेट हाईवे पर जाम लग गया।
सूचना मिलने पर पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाइश दी जा रही है। शहपुरा एसडीएम भी ग्रामीणों को समझाइश दे रहे है।
चक्का जाम के प्रदर्शन कर रहे छात्रों और ग्रामीणों ने बताया कि मुख्य मार्ग से कछरा टोला और मुरमी टोला की दूरी लगभग पांच किलोमीटर है। गांव तक पहुंचने वाला रास्ता कच्चा और जर्जर होने से आने जाने में परेशानी झेलनी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के समय एंबुलेंस और अन्य वाहन गांव तक नहीं पहुंच पाते, जिससे बीमार व्यक्ति और मरीजों को इलाज के लिए अस्पताल तक ले जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बारिश के मौसम में गांव के दर्जनों विद्यार्थी भी रास्ते में मचे कीचड़ से होकर स्कूल आते जाते हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि मुख्य मार्ग से लेकर गांव तक पक्की सड़क की मांग को लेकर कई बार पंचायत से लेकर जिला स्तर तक आवेदन दिये जा चुके है। इसके बाद भी अभी तक कोई पहल नहीं होने से ग्रामीणों में काफी आक्रोश नजर आ रहा है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को भी समस्या से कोई सरोकार नहीं है। चक्का जाम के दौरान रोड के दोनों तरफ वाहनों का जमावड़ा लगा हुआ है।
यह भी पढ़ें- डिंडौरी में अनोखा विरोध : ग्रामीणों ने बीच रास्ते में लगाया धान का रोपा, बोले- जगह-जगह कीचड़