डिंडौरी (नईदुनिया प्रतिनिधि)। शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास व मेकलसुता कॉलेज डिंडौरी द्वारा आजादी के अमृत महोत्सव के गणतंत्र दिवस के अवसर पर जरा याद करो कुर्बानी कार्यक्रम का आनलाइन आयोजन गूगल मीट के माध्यम से किया गया। डॉ. रामकुमार रजक संयोजक, डॉ. राजेन्द्र कुररिया सह संयोजक शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास महाकौशल प्रांत, प्रो. सुरेन्द्र सिंह निदेशक कौशल विकास संस्थान रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर, प्रकाशचन्द्र मिश्रा विभाग कार्यवाह मंडला, डॉ. बिहारी लाल द्विवेदी प्राचार्य मेकलसुता कॉलेज डिंडौरी मुख्य वक्ता के रूप में ऑनलाइन उपस्थित रहे। डॉ. कुररिया ने कहा कि मध्यप्रदेश में सर्वप्रथम नीमच से 1857 की क्रांति शुरू हुई। जब अंग्रेजी बंगलों में सैनिकों ने आग लगा दी, तो तात्या टोपे, नाना साहब आदि ने ग्रामीणों के मध्य क्रांति संदेश कमल और रोटी के माध्यम से पहुंचाया। उन्होंने बताया कि अनेकों ऐसे क्रांतिकारी हैं जिनका नाम आज भी हम नहीं जानते और जिन्होंने देश को स्वतंत्र कराने में अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया।
विद्यार्थी क्रांतिकारियों के बलिदान को याद रखें
प्रो. सुरेन्द्र सिंह ने मध्यप्रदेश के अनेक भागों में स्वाधीनता के लिए रानी लक्ष्मीबाई, रानी अवंतीबाई, शंकरशाह, रघुनाथशाह, रानी दुर्गावती के बलिदानों को याद करते हुए उनकी वीरगाथाओं को सभी के बीच में रखा। उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत मनाए जा रहे इन कार्यक्रमों के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को भी हम पूरा कर सकते हैं। प्रकाश मिश्रा ने डिंडौरी जिले के रामगढ़ की रानी आवंतीबाई के बलिदानों को याद करते हुए बताया कि महज 12 साल की उम्र में अंगे्रजों को मात देने वाले भारत के सबसे छोटे क्रांतिकारी बाजीराउत ने मातृभूमि के लिए जान की बाजी लगा दी थी। कार्यक्रम के संयोजक प्रो. विकास जैन ने बताया कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को एक मंच प्रदान करना है, जिससे विद्यार्थी देश के क्रांतिकारियों के बलिदानों को याद कर सकें। आभार प्रदर्शन प्रो. निरंजन पटेल द्वारा किया गया।
भोपाल में आयोजित बैठक में शामिल होंगे जिले के कार्यकर्ताः डिंडौरी। युवा कांगे्रस अध्यक्ष डिंडौरी शिवराज सिंह ठाकुर ने बताया कि 29 जनवरी को मध्यप्रदेश युवा कांगे्रस की प्रदेश स्तरीय बैठक प्रदेश कांगे्रस कार्यालय भोपाल में आयोजित की जा रही है। मध्यप्रदेश युवा कांगे्रस प्रदेश अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया के नेतृत्व व मार्गदर्शन में होने जा रहीं इस महत्वपूर्ण बैठक में राज्य के सभी प्रदेश स्तरीय, पदाधिकारी, उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव, समस्त जिला अध्यक्ष व प्रदेश की सारी विधानसभाओं के अध्यक्ष मौजूद रहेंगे। बताया गया कि डिंडौरी जिले से भी पदाधिकारी बैठक में शामिल होंगे।