
गुना। शहर में मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के रोड शो के दौरान आचार संहिता के उल्लंघन की रिपोर्ट जिला प्रशासन चुनाव आयोग को भेजेगा। रोड शो से पहले हटाए जा रहे झंडे बैनरों को लेकर डिप्टी कलेक्टर विशाखा देशमुख से भाजपा नेताओं की बहस हुई थी।
उल्लेखनीय है कि रोड शो के दौरान भाजपा ने पूरे शहर को झंडे-बैनरों से पाट दिया था। जिसमें सार्वजनिक और सरकारी संपत्ति पर भी झंडे बैनर लगे थे। शिकायत मिलने पर डिप्टी कलेक्टर विशाखा देशमुख ने नपा की संपत्ति से झंडे-बैनर हटवाए थे। तभी भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अनिल जैन और प्रदेश महामंत्री वीडी शर्मा से उनकी बहस हो गई थी। इस बहस का अगले दिन बुधवार को वीडियो भी वायरल हो गया।
इधर, भाजपा के प्रदेश महामंत्री विष्णुदत्त शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय महामंत्री अनिल जैन का जो वीडियो डिप्टी कलेक्टर से बहस का बताया जा रहा है, वो उस स्थान का नहीं है। वो वीडियो अन्य कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं से चर्चा का है। किसी कतिपय व्यक्ति ने बहस को मुद्दा बनाने के लिए इस वीडियो को डिप्टी कलेक्टर से बहस के दौरान का बता दिया।
एक रिपोर्ट भेज दी, अब दूसरी भेजेंगे
आचार संहिता के उल्लंघन की सूचना पर प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर कार्रवाई की थी। इसकी रिपोर्ट सीईओ को भेज दी थी। अब कहां-कहां आचार संहिता का उल्लंघन हुआ है, इसकी रिपोर्ट चुनाव आयोग को भेजी जा रही है। कार्रवाई के दौरान जिला निर्वाचन तंत्र के खिलाफ बोलने की रिपोर्ट भी सीईओ को भेज रहे हैं।
- विजय दत्ता, कलेक्टर गुना