
- कोतवाली पुलिस ने जांच के बाद पत्नी और उसके प्रेमी पर किया मामला दर्ज
गुना। नवदुनिया प्रतिनिधि
शहर के बूढ़े बालाजी इलाके में रहने वाले युवक की आत्महत्या के मामले में कोतवाली पुलिस ने उसकी पत्नी और एक अन्य युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने जांच में पाया कि युवक की पत्नी अपने प्रेमी से मोबाइल पर बात करती थी। मृतक को इसकी जानकारी थी। इसी से तंग आकर उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस के अनुसार मृतक का नाम रामू रघुवंशी निवासी बूढ़े बालाजी गुना है। इसने 25 दिसंबर 2018 को दोपहर सवा एक बजे अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। कोतवाली पुलिस ने इस मामले में रामू के शव का जिला अस्पताल में पीएम कराया था। साथ ही, मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी। इसी के चलते पुलिस ने जांच में पाया कि रामू की पत्नी रश्मि का प्रेमी उकावद निवासी प्रमोद रघुवंशी था। रश्मि और प्रमोद के बीच आपस में मोबाइल फोन पर लंबी बात होती थी। पति रामू को इसकी जानकारी लग गई थी, जिसके बाद उसने रश्मि को रोका, लेकिन वह नहीं मानी। इसी से तंग आगकर रामू रघुवंशी ने फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। पुलिस ने मृतक के परिजन के बयान लिए। इसके अलावा मोबाइल की डिटेल भी निकाली। इस आधार पर कोतवाली पुलिस ने रश्मि रघुवंशी और प्रमोद रघुवंशी के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
इनका कहना :
- जांच में पाया गया है कि मृतक की पत्नी अपने प्रेमी से मोबाइल पर बात करती थी। जांच के आधार पर पत्नी और प्रेमी दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
अवनीत शर्मा, टीआई कोतवाली