
नईदुनिया प्रतिनिधि, गुना। दीपावली पर पांच दिनों के त्योहारी विराम के बाद पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा बुधवार को फिर से शुरू हो गई। राघौगढ़ के पास पाटई गांव से यात्रा की दोबारा शुरुआत के समय कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी भी मौजूद थे।
इस दौरान हुई जनसभा में विधायक जयवर्धन सिंह ने लोगों को श्रीमद्भागवत गीता की प्रतियां वितरित कीं और साधु संतों का सम्मान किया।
जयवर्धन सिंह ने कहा कि श्रीमद्भागवत गीता केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने की प्रेरणा है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय ने कहा कि लोकतंत्र ने हम सभी को अपना राजा चुनने का अधिकार दिया है, लेकिन भाजपा और आरएससएस उसी लोकतंत्र को समाप्त करने का प्रयास कर रहे हैं।
यहां मनमाने तरीके से वोटों की चोरी की जा रही है। कहीं मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं, तो कहीं नाम काटकर दूसरे नाम जोड़े जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी का दायित्व है कि वोट चोरी को पकड़ें और ऐसी गड़बड़ियों को ठीक करवाएं।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का निर्णय है कि चुनाव मतपत्रों के माध्यम से ही कराए जाएं, क्योंकि कांग्रेस को ईवीएम पर भरोसा नहीं है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा सांसद द्वारा किसानों को लेकर दिए गए बयान का मुद्दा उठाते हुए प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सांसद के बयान को किसानों का अपमान बताते हुए मुख्यमंत्री से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
पटवारी ने चेतावनी दी कि यदि मुख्यमंत्री इस मामले में माफी नहीं मांगते हैं, तो कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा सांसद के घर का घेराव करेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों का अपमान किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।