
डिजिटल डेस्क, गुना। मध्य प्रदेश के गुना जिले के राघौगढ़ स्थित बोरखेड़ी गांव का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने जिला अस्पताल में मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में एक बहन अपने दिव्यांग और बीमार भाई को कंधे पर उठाकर अस्पताल के वार्ड तक ले जाती नजर आ रही है।
जानकारी के मुताबिक, बोरखेड़ी निवासी कृष्णाबाई अपने बीमार भाई जगदीश को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंची थी। जगदीश पिछले एक साल से बीमार है और दिव्यांगता के कारण चलने-फिरने में असमर्थ है। अस्पताल पहुंचने के बाद जब मरीज को अंदर ले जाने के लिए स्ट्रेचर या कोई सहायता नहीं मिली, तो बहन ने खुद ही भाई को पीठ पर बैठाया और वार्ड तक पहुंचाया। इस पूरे सीन को वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने अपने कैमरे में कैद कर लिया।
वीडियो सामने आने के बाद जब अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठ रहे है। हालांकि अस्पताल प्रबंधन ने स्ट्रेचर की कमी के दावों को खारिज कर दिया। प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर का कहना है कि अस्पताल में स्ट्रेचर पर्याप्त मात्रा में मौजूद हैं और क्रिटिकल केयर ब्लॉक समेत पुराने परिसर के पास भी इनकी उपलब्धता रहती है।