नवदुनिया प्रतिनिधि, गुना। बीते शुक्रवार की रात फतेहगढ़ थानाक्षेत्र की कोहन नदी में दो सगे भाई बह गए थे। दोनों के शव रविवार को कोहन नदी में ही घटनास्थल से कुछ दूर मिल गए। करीब 36 घंटे के रेस्क्यू के बाद शव मिले हैं।
जानकारी के अनुसार फतेहगढ़ क्षेत्र के निवेरी गांव के दो सगे भाई करण उम्र 18 वर्ष और सागर अहिरवार उम्र 14 वर्ष पुत्र हीरालाल अहिरवार शनिवार रात करीब 9:30 बजे ट्रैक्टर-ट्राली से अपने गांव लौट रहे थे। दोनों अपने पिता के साथ लहसुन बेचने राजस्थान की मंडी में गए थे।
पिता हीरालाल पीछे जीप से आ रहे थे। ट्रैक्टर करण चला रहा था, जबकि सागर पास ही बैठा था। दोनों कोहन नदी के पुल पर पहुंचे तो नदी उफान पर थी। पुल के ऊपर से पानी बह रहा था। इस दौरान एक अन्य ट्रैक्टर चालक ने उफनती नदी का पुल पार करने की कोशिश की, मौके पर मौजूद लोगों ने मना किया तो वह आधे रास्ते से ही वापस लौट आया।
दोनों सगे भाई नहीं माने और कुछ दूरी तय करने के बाद नदी के तेज बहाव में पुल से ट्रैक्टर-ट्राली सहित बह गए। इसके बाद से ही दोनों का कुछ पता नहीं चल रहा था। शनिवार को दोनों भाइयों को तलाश ने रेस्क्यू किया गया, पर वह नहीं मिले।
शुक्रवार की रात दूसरी घटना में ही फतेहगढ़ क्षेत्र की ही बरसाती नदी में एक अन्य युवक बह गया था। हालांकि उसका शव शनिवार को ही कोहन नदी में मिल गया था। इस तरह मानसून के बाद हुई बारिश में नदी उफनने से जिले में बहने से तीन युवकों की मौत अब तक हो चुकी है। ज्ञातव्य हो फतेहगढ़ क्षेत्र की बरसती और मगरोड़ा नदी कोहन नदी में जाकर मिलती हैं। कोहन नदी आगे चलकर पार्वती नदी में मिल जाती है।