
ग्वालियर। 50 लाख रुपए की फिरौती मांगने के लिए दोस्तों ने दसवीं के छात्र का अपहरण किया। उसे सफारी कार में लेकर अपने खेत पर पहुंचे। यहां छात्र को अपहरण का नाटक करने के लिए कहा। जब छात्र संभला नहीं तो तार से उसका गला घोंट दिया। पहले से ही खोदकर रखे गड्ढे में उसे गाढ़ दिया। मामला ठंडा होते ही छात्र के मोबाइल से कॉल कर फिरौती मांगने की योजना थी।
घटना 17 अक्टूबर रात 8 से 9 बजे के बीच मऊ गांव महाराजपुरा की है। लेकिन छात्र के कॉल की लास्ट लोकेशन और लास्ट कॉल पर बातचीत से पुलिस आरोपितों तक पहुंच गई। तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया है। आरोपितों में से एक आरोपी मलेशिया रिटर्न है, वह दो महीने पहले ही लौटकर आया है।
महाराजपुरा थाना क्षेत्र स्थित मऊ गांव निवासी मोहर सिंह लोधी किसान हैं। उनके दो बेटे बड़ा बेटा राजकुमार जो दिव्यांग है। छोटा बेटा 17 वर्षीय राजू लोधी दसवीं का छात्र है। 17 अक्टूबर रात 8 बजे घर से मोबाइल पर किसी से बात करते हुए छात्र निकला और घर ही नहीं लौटा। रात अधिक होने पर परिजन उसकी तलाश करते रहे। अगले दिन 18 अक्टूबर को महाराजपुरा थाना पहुंचे।
पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इस मामले में पुलिस छात्र के खुद किसी के साथ चले जाने की थ्योरी पर काम कर रही थी। लेकिन छात्र की कॉल डिटेल निकाली तो जिस समय वह घर से निकला था उस समय पास ही रहने वाले दीपू उर्फ दीपक से उसकी 37 मिनट लंबी बात हुई थी। यहीं से पुलिस ने तार से तार जोड़े। लास्ट कॉल लोकेशन, लास्ट कॉल पर लंबी बात के आधार पर दीपू को हिरासत में लिया।
इसके बाद उसके भाई दीपक व भिंड निवासी हाल निवासी मऊ कमल उर्फ कमलेश लोधी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने छात्र का 50 लाख रुपए की फिरौती मांगने के उद्देश्य से अपहरण करना और बाद में हत्या कर उसे कमलेश के खेत में कुएं के पास गाढ़ना कबूल किया। इसके बाद शनिवार रात पुलिस ने शव निकलवाया। साथ ही तीनों आरोपितों को अपहरण और हत्या के मामले में गिरफ्तार कर लिया।
2.5 करोड़ के लालच में बनाई योजना
राजू के पिता मोहर सिंह व उनके भाई रतन सिंह व धर्मवीर सिंह के खाते में 16 बीघा पुश्तैनी जमीन थी। जो जीडीए के प्रोजेक्ट में आने से एक साल पहले उन्होंने बेची थी। राजू के पिता के हिस्से में 2.5 करोड़ रुपए आए थे। आरोपितों को अपहरण के लिए यही रकम उकसा रही थी।
गांव में तनाव, आरोपी का घर तोड़ा
घटना के बाद से गांव में तनाव है। मृतक व आरोपितों के घर आसपास हैं। स्थिति को भांपते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। इसके बाद भी गांव में आक्रोशित भीड़ ने मास्टरमाइंड कमलेश के घर पर हमला कर मकान तोड़ दिया। इस दौरान पुलिस ने घर की महिलाओं व अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
घटना एक नजर में
- 17 अक्टूबर रात 8 बजे छात्र को बुलाकर अपहरण
- इसी दिन 9 बजे छात्र की हत्या कर दी गई
- 17 अक्टूबर रात 12 बजे पहले से खोदे गड्ढे में गाढ़ दिया
- गाढ़ने से पहले कपड़े जलाए, पर्स व मोबाइल रख लिया
- 18 अक्टूबर सुबह से छात्र की तलाश का नाटक शुरू
-20 अक्टूबर को पुलिस ने दीपू, प्रदीप, कमलेश को उठाया
- 20 अक्टूबर की शाम को जुर्म कबूल किया
- 20 अक्टूबर रात को ही पुलिस ने शव बरामद किया
- 21 अक्टूबर को पूरे मामले का खुलासा