11वीं पास बना दिल्ली के अस्पतालों में डॉक्टर, फर्जी डिग्री गिरोह का खुलासा, ग्वालियर से ले गई SOG
जांच में सामने आया है कि रामकिशोर खुद केवल 11वीं कक्षा तक ही पढ़ा है, लेकिन फर्जी दस्तावेजों के दम पर वह लंबे समय तक दिल्ली के प्रतिष्ठित अस्पतालों में डॉक्टर बनकर इलाज करता रहा।
Publish Date: Fri, 27 Nov 2026 01:59:31 PM (IST)Updated Date: Fri, 27 Nov 2026 02:03:56 PM (IST)
HighLights
- 6.5 लाख में बनाई फर्जी डिग्रियां
- ऑनलाइन सत्यापन और पंजीयन का खेल
- मरीजों की जान से खिलवाड़ का खतरा
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। राजस्थान स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप ने फर्जी मेडिकल डिग्रियां तैयार कर लोगों को डॉक्टर बनाने वाले एक बड़े गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में गिरोह के मुख्य सरगना समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सबसे चौंकाने वाला पहलू गिरोह का मुख्य आरोपी रामकिशोर महावर है।
जांच में आया सामने
जांच में सामने आया है कि रामकिशोर खुद केवल 11वीं कक्षा तक ही पढ़ा है, लेकिन फर्जी दस्तावेजों के दम पर वह लंबे समय तक दिल्ली के प्रतिष्ठित अस्पतालों में डॉक्टर बनकर इलाज करता रहा। उसने करीब 6.5 लाख रुपये खर्च कर 12वीं, एमबीबीएस व डीएम तक की फर्जी डिग्रियां बनवाई थीं और उन्हीं के आधार पर दिल्ली मेडिकल काउंसिल में अपना रजिस्ट्रेशन भी करा लिया था।
मेडिकल काउंसिल में पंजीयन कराने की पूरी व्यवस्था भी करता गिरोह
एसओजी की जांच के मुताबिक, यह गिरोह फेसबुक और व्हाट्सएप के जरिए ऐसे बेरोजगार युवाओं से संपर्क करता था जो बिना जरूरी योग्यता के डॉक्टर बनना चाहते थे। गिरोह मोटी रकम लेकर न केवल उन्हें फर्जी डिग्रियां देता था, बल्कि दस्तावेजों को असली दिखाने के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर ऑनलाइन सत्यापन (वेरिफिकेशन) और मेडिकल काउंसिल में पंजीयन कराने की पूरी व्यवस्था भी करता था। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को फर्जी डिग्रियां बेची हैं।
गिरोह के सदस्य पूरे काम को अलग-अलग हिस्सों में बांटकर करते थे
जांच में पता चला कि गिरोह के सदस्य पूरे काम को अलग-अलग हिस्सों में बांटकर करते थे। कोई फर्जी डिग्री और प्रमाण-पत्र तैयार करवाता था, तो कोई विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उनका ऑनलाइन सत्यापन कराने का इंतजाम करता था।
कुछ सदस्य मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन कराने की जिम्मेदारी संभालते थे। इस तरह फर्जी दस्तावेजों के आधार पर लोगों को डॉक्टर के रूप में काम करने का मौका मिल जाता था।
इससे अस्पतालों में मरीजों की जान और स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा पैदा हो सकता था। रामकिशोर महावर पहले राजस्थान के निजी नर्सिंग होम और अस्पतालों में काम कर चुका था। इसके बाद वह दिल्ली के अलग-अलग अस्पतालों में भी चिकित्सकीय काम करने लगा। उसने अपनी असली शैक्षणिक योग्यता छिपाकर फर्जी डिग्रियों के सहारे डॉक्टर की पहचान बनाई।