उद्योगों की मांग पर बदलेंगे आईटीआई-पॉलिटेक्निक के कोर्स, ग्वालियर टेलीकॉम जोन में 15,259 को मिलेगा रोजगार
टेलीकॉम कंपनियों और शैक्षणिक संस्थानों के बीच समन्वय बनाकर पाठ्यक्रम तैयार किए जाएंगे, ताकि कंपनियों को कुशल कर्मचारियों के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर न रहना पड़े।
Publish Date: Tue, 24 Nov 2026 02:33:50 PM (IST)Updated Date: Tue, 24 Nov 2026 02:58:55 PM (IST)
प्रतीकात्मक चित्र।HighLights
- वाधवानी फाउंडेशन देगा 400 करोड़ का अनुदान
- मौजूदा संस्थानों में मिलेगा निशुल्क प्रशिक्षण
- एआई और डिजिटल माध्यम से तैयार होंगे कुशल युवा
नईदुनिया प्रतिनिधि. ग्वालियर। प्रदेश के युवाओं को उद्योगों की जरूरत के मुताबिक रोजगारपरक प्रशिक्षण देने के लिए सरकार आइटीआई, पॉलिटेक्निक और कॉलेजों के पाठ्यक्रमों में बदलाव करेगी। इसके लिए नए संस्थान खोलने के बजाय मौजूदा शिक्षण संस्थानों में ही विशेष कोर्स शुरू किए जाएंगे।
ग्वालियर में विकसित हो रहे टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन इसका प्रमुख उदाहरण बनेगा, जहां कंपनियों की जरूरत के अनुसार प्रशिक्षित युवा तैयार किए जाएंगे। जोन के पहले चरण में 25 उद्योगों के माध्यम से 15,259 युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने का अनुमान है।
टेलीकॉम कंपनियों और शैक्षणिक संस्थानों के बीच समन्वय बनाकर पाठ्यक्रम तैयार किए जाएंगे, ताकि कंपनियों को कुशल कर्मचारियों के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर न रहना पड़े।
प्रशिक्षण पर 400 करोड़ खर्च करेगा फाउंडेशन
युवाओं को उद्योगों के अनुरूप प्रशिक्षित करने के लिए वाधवानी फाउंडेशन ने 400 करोड़ रुपये तक के अनुदान का प्रस्ताव दिया है। पहले चरण में भोपाल, इंदौर और जबलपुर के उद्योगों की जरूरतों का आकलन होगा। तीन महीने, छह महीने और दो साल की भर्ती जरूरतों के आधार पर कोर्स बनाए जाएंगे।
10वीं-12वीं पास 18 वर्ष से अधिक उम्र के युवाओं को 500 से 1000 घंटे का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें डेटा विजुअलाइजेशन, हेल्थकेयर, बैंकिंग और इंश्योरेंस जैसे क्षेत्र शामिल होंगे। प्रशिक्षण निशुल्क होगा और इसके लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म, वीडियो तथा एआई आधारित माध्यमों का उपयोग किया जाएगा।