
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। फूलबाग स्थित चिड़ियाघर के बाहर से 6 अक्टूबर को लापता हुई 18 वर्षीय सुहाना रजक 20 दिन बाद वापस लौट आई है। शिवपुरी निवासी सुहाना का मामला शुरू से ही रहस्य बना हुआ था। पति के बाइक पार्किंग में जाने के महज 26 सेकंड के भीतर वह गायब हो गई थी और CCTV में दूसरी बाइक पर बैठकर जाती दिखी थी। अब लौटने के बाद उसने पुलिस को जो कहानी बताई है, उसने पुलिस को भी उलझा दिया है।
सुहाना का कहना है कि वह भागी नहीं थी, बल्कि बाइक सवार से लिफ्ट लेकर गई थी। वह बाइक सवार उसे बहोड़ापुर के मोतीझील इलाके में छोड़ गया था। वहां रास्ता भटकने के बाद वह एक झोंपड़ी में रहने लगी। अब वह न पति के साथ जाना चाहती है और न ही किसी बॉयफ्रेंड के साथ जाने की बात स्वीकार कर रही है। पुलिस अब उसे नारी निकेतन भेजने की तैयारी कर रही है।
मध्यप्रदेश के शिवपुरी निवासी 21 वर्षीय करण रजक 6 अक्टूबर को एक रिश्तेदार के यहां कार्यक्रम में शामिल होने ग्वालियर आया था। वह बाइक से आया था और उसकी पत्नी सुहाना रजक (18 साल 9 माह) भी उसके साथ थी। दोनों की शादी को पांच महीने ही हुए थे।
रिश्तेदार के यहां कार्यक्रम के बाद सुहाना ने ग्वालियर का चिड़ियाघर घूमने की इच्छा जताई। इसके बाद करण उसे लेकर बाइक से चिड़ियाघर पहुंचा। दोपहर 3 बजकर 9 मिनट 29 सेकंड पर सुहाना ने पति से बाइक पार्किंग में खड़ी करने के लिए कहा। करण बाइक पार्क करने गया और 3 बजकर 9 मिनट 55 सेकंड पर लौटा, तो सुहाना वहां नहीं थी।
पति ने आसपास तलाश की, लेकिन सुहाना नहीं मिली। कई बार कॉल करने पर उसका मोबाइल बंद मिला। इसके बाद करण ने अपने घर, सुहाना के घर और रिश्तेदारों से संपर्क किया, लेकिन उसका पता नहीं चला। फिर पड़ाव थाना पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने CCTV कैमरों की जांच की। फुटेज में करण के बाइक लेकर जाने के बाद तेज रफ्तार से दूसरी बाइक आती दिखी। सुहाना दौड़कर उस बाइक पर बैठती नजर आई। इसके बाद पुलिस ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की।
20 दिन बाद लौटने पर पुलिस ने सुहाना से पूछताछ की। उसने बताया कि वह बाइक सवार के साथ भागी नहीं थी, बल्कि उसने लिफ्ट ली थी। उसके मुताबिक, बाइक सवार उसे बहोड़ापुर के मोतीझील इलाके में छोड़ गया था। इसके बाद वह रास्ता भटक गई और एक झोंपड़ी में रहने लगी।
पुलिस ने उससे पूछा कि जब वह पति के साथ चिड़ियाघर घूमने आई थी, तो पति के पार्किंग में जाते ही उसे कहां जाना था कि उसने लिफ्ट ली। अगर उसने लिफ्ट ही ली थी, तो वह दौड़कर बाइक पर क्यों बैठी? मोतीझील में जिस झोंपड़ी में रहने की बात कह रही है, वह कहां है? पुलिस के इन सवालों पर उसने कोई जवाब नहीं दिया।
सुहाना के लौटने के बाद पुलिस ने उसके पति करण को बुलाया। बयान लेने के बाद पुलिस ने जब उसे पति के साथ शिवपुरी भेजने की बात कही, तो उसने जाने से मना कर दिया। पुलिस ने बालिग होने के नाते उसे बॉयफ्रेंड के साथ जाने का विकल्प भी दिया, लेकिन उसने इससे भी इनकार कर दिया। उसका कहना है कि उसका कोई बॉयफ्रेंड नहीं है।
पति और बॉयफ्रेंड, दोनों के साथ जाने से इनकार करने पर पुलिस उसे नारी निकेतन भेजने की तैयारी कर रही है। पुलिस के लिए यह मामला इसलिए भी पेचीदा हो गया है क्योंकि युवती बालिग है और अपनी मर्जी से कहीं भी रहने के लिए स्वतंत्र है, लेकिन उसके बयानों में लगातार विरोधाभास है।
सुहाना की तलाश में पुलिस ने 100 से ज्यादा स्पॉट पर लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले, लेकिन उसका सुराग नहीं मिला। उसके मोबाइल की लोकेशन मुरैना के एक गांव में मिली थी। पुलिस टीम ने वहां दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिली। पुलिस के मुताबिक, उसकी लोकेशन लगातार ग्वालियर के आसपास के शहरों में आ रही थी, जिससे तलाश में और मुश्किल आ रही थी।
पुलिस जांच और रिकॉर्ड के मुताबिक, सुहाना पिछले तीन साल में तीन बार घर से गायब हो चुकी है।
पहली बार: वह मुरैना से गायब हुई थी। उस समय पुलिस ने उसे ढूंढ लिया था।
दूसरी बार: दो साल पहले, जब वह नाबालिग थी, महाराजपुरा के डीडी नगर से अरमान नाम के युवक के साथ चली गई थी। पुलिस ने उसे बरामद किया था और अरमान के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था।
तीसरी बार: साल 2026 में बालिग होने के बाद परिजनों ने उसकी शादी शिवपुरी में करा दी। शादी के बाद वह पति के साथ ग्वालियर आई और 6 अक्टूबर को चिड़ियाघर के बाहर से गायब हो गई। यह तीसरी घटना ने एक बार फिर पुलिस और परिवार दोनों की चिंता बढ़ा दी है।
पुलिस पूछताछ में सुहाना पांच अहम सवालों के जवाब नहीं दे पाई, जिससे उसकी लिफ्ट वाली थ्योरी पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
1. जिस बाइक सवार के साथ वह गई थी, वह कौन था?
2. लिफ्ट ली थी, तो दौड़कर बाइक पर क्यों बैठी?
3. मोतीझील में जिस झोंपड़ी में रहने की बात कही, वह कहां है?
4. जब वह ग्वालियर में ही थी, तो मोबाइल की लोकेशन मुरैना कैसे आई?
5. अगर वह भागी नहीं थी, तो पति के साथ जाने से इनकार क्यों कर रही है?